धमतरी में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 373 पौवा शराब के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार

धमतरी पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो मोटरसाइकिलों से परिवहन की जा रही 373 पौवा देशी शराब जब्त की है। सिटी कोतवाली पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर शराब और परिवहन में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल समेत कुल 1 लाख 33 हजार 600 रुपये का मशरूका बरामद किया। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

Aug 26, 2026 - 15:39
 0  3
धमतरी में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 373 पौवा शराब के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l जिले में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दो मोटरसाइकिलों में परिवहन की जा रही कुल 373 पौवा देशी शराब जब्त की है। शराब और परिवहन में प्रयुक्त दोनों मोटरसाइकिलों समेत कुल 1 लाख 33 हजार 600 रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार 25 अगस्त 2026 को सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो मोटरसाइकिलों में कुछ लोग बोरी में अवैध शराब भरकर हटकेशर शराब भट्ठी की ओर से रत्नाबांधा की तरफ जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रत्नाबांधा हटकेशर शराब भट्ठी रोड के पास घेराबंदी की और संदिग्ध दोनों मोटरसाइकिलों को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान भानुप्रताप ध्रुव के कब्जे से 100 नग देशी प्लेन शराब और 85 नग देशी मसाला शराब बरामद हुई। इसकी कुल मात्रा 33.84 बल्क लीटर बताई गई है, जिसकी कीमत करीब 16 हजार 500 रुपये है। वहीं हेमन्त ग्वाल के कब्जे से 85 नग देशी प्लेन और 103 नग देशी मसाला शराब बरामद की गई। इसकी कुल मात्रा 33.30 बल्क लीटर और कीमत करीब 17 हजार 100 रुपये बताई गई है। इस तरह पुलिस ने कुल 373 पौवा अवैध शराब जब्त की।

शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही Honda Shine मोटरसाइकिल क्रमांक CG 05 AC 4065 और CG 05 AE 7918 को भी पुलिस ने जब्त किया है। दोनों मोटरसाइकिलों की अनुमानित कीमत 50-50 हजार रुपये बताई गई है। शराब और वाहनों को मिलाकर पुलिस ने कुल 1 लाख 33 हजार 600 रुपये का मशरूका बरामद किया है।

इस मामले में पुलिस ने महेश लछवानी उम्र 35 वर्ष निवासी दानीटोला महिमासागर वार्ड धमतरी, हाल धरम नगर कॉलोनी अर्जुनी, भानुप्रताप ध्रुव उम्र 20 वर्ष निवासी सांकरा वार्ड क्रमांक 4 थाना अर्जुनी, मनीष जोशी उम्र 48 वर्ष निवासी लालबगीचा हनुमान मंदिर के पास धमतरी और हेमन्त ग्वाल उम्र 34 वर्ष निवासी सुभाष नगर खम्भनबाड़ी धमतरी को गिरफ्तार किया है।

चारों आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 205/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने उनके खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने अवैध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर आम लोगों से इसकी सूचना पुलिस को देने की अपील भी की है।