बच्चों ने बताया मीनू अनुसार नहीं मिला भोजन, कलेक्टर ने प्रधान पाठक को थमाया नोटिस
कवर्धा कलेक्टर गोपाल वर्मा ने ग्राम खूंटू के स्कूल और आंगनबाड़ी का निरीक्षण किया। बच्चों ने बताया कि मध्याह्न भोजन मीनू अनुसार नहीं मिला। इस पर कलेक्टर ने प्रधान पाठक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और कहा कि बच्चों के पोषण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा | कलेक्टर गोपाल वर्मा ने आज ग्राम खूंटू स्थित प्राथमिक शाला और आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों से पढ़ाई, उपस्थिति और मध्याह्न भोजन (Midday Meal) के संबंध में बातचीत की।
कलेक्टर ने जब बच्चों से पूछा कि पिछले दिन उन्हें मीनू अनुसार भोजन मिला या नहीं, तो बच्चों ने बताया कि भोजन में केवल दाल-चावल और अचार दिया गया था। इस पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताई और जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया कि संबंधित प्रधान पाठक को शो कॉज नोटिस जारी किया जाए।
कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि स्कूलों में बच्चों को मीनू के अनुसार पौष्टिक भोजन मिलना चाहिए। यह बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य से जुड़ा विषय है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानपाठक और शिक्षकीय स्टाफ की जिम्मेदारी है कि समूहों द्वारा तय मीनू के अनुसार भोजन की मॉनिटरिंग करें।
कलेक्टर ने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे नियमित रूप से स्कूल आएं, अच्छे से पढ़ाई करें और घर जाकर सीखे हुए पाठ का अभ्यास करें। शिक्षकों से उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेलकूद और अन्य गतिविधियों को भी शामिल करें। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी एफ. आर. वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।