चिल्फी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो वाहनों से 18.460 किलो गांजा जब्त; चार आरोपी गिरफ्तार

कबीरधाम जिले के चिल्फी थाना पुलिस ने एनएच-30 पर वाहन जांच के दौरान दो अलग-अलग वाहनों से 18 किलो 460 ग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस के मुताबिक गांजा ओडिशा के नुआपाड़ा से मध्यप्रदेश के पन्ना ले जाया जा रहा था। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर दो वाहन और चार मोबाइल फोन समेत कुल 22 लाख 53 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।

Sep 27, 2026 - 17:08
 0  3
चिल्फी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो वाहनों से 18.460 किलो गांजा जब्त; चार आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कबीरधाम जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत चिल्फी पुलिस ने एनएच-30 पर वाहन जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो अलग-अलग वाहनों से कुल 18 किलो 460 ग्राम गांजा बरामद किया है। मामले में मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के रहने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख 23 हजार रुपये है।

पुलिस के मुताबिक 26 सितंबर 2026 को थाना चिल्फी के सामने एनएच-30 पर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक हुंडई वरना कार क्रमांक DL-4C-AQ-0755 को रोककर जांच की गई। वाहन में सवार दो युवकों ने पूछताछ के दौरान अपना नाम रविराज सिंह परिहार, उम्र 19 वर्ष, निवासी मेहेंगवा कला, थाना पवई, जिला पन्ना और सौरभ सिंह बुंदेला, उम्र 22 वर्ष, निवासी महेड़ा, थाना पवई, जिला पन्ना बताया।

वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस ने उसमें से 12 किलो 760 ग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के नुआपाड़ा से मध्यप्रदेश के पन्ना ले जाने की जानकारी दी।

इसी दौरान पुलिस टीम ने एक अन्य संदिग्ध मारुति सुजुकी फ्रॉन्क्स वाहन, जो बिना नंबर का बताया गया है, को भी रोककर जांच की। इसमें सवार दो व्यक्तियों ने अपना नाम जोगेन्द्र राजा, उम्र 25 वर्ष, निवासी बुढ़ा, थाना पवई, जिला पन्ना और केशव राजा, उम्र 22 वर्ष, निवासी बुढ़ा, थाना पवई, जिला पन्ना बताया।

दूसरे वाहन की तलाशी में पुलिस को 5 किलो 700 ग्राम गांजा मिला। इस तरह दोनों वाहनों से कुल 18 किलो 460 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों में सवार चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू की है।

22.53 लाख रुपये का मशरूका जब्त

पुलिस के अनुसार गांजा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे दोनों वाहनों और चार मोबाइल फोन को भी जब्त किया गया है। जब्त सामग्री में 18 किलो 460 ग्राम गांजा, हुंडई वरना वाहन की अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये, मारुति सुजुकी फ्रॉन्क्स की अनुमानित कीमत 8 लाख रुपये और चार मोबाइल फोन की कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने कुल जब्ती की कीमत 22 लाख 53 हजार रुपये बताई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

चिल्फी थाना पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 22/2026 और धारा 20(B) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मामले में गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। एएनटीएफ टीम कबीरधाम द्वारा भी आरोपियों से पूछताछ किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।

पुलिस के मुताबिक जिले के अंतर्राज्यीय और सीमावर्ती मार्गों पर संदिग्ध वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। इसी निगरानी के दौरान चिल्फी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांजा परिवहन के इस मामले का खुलासा किया। प्रकरण की आगे की विवेचना थाना चिल्फी पुलिस द्वारा की जा रही है।

कार्रवाई में थाना चिल्फी प्रभारी निरीक्षक बीरेंद्र वर्मा के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक नरेन नेताम, आरक्षक अमन वाहने, सुनील मरावी, पंकज यादव, जितेन्द्र चन्द्रवंशी सहित थाना स्टाफ की भूमिका बताई गई है।