दिनदहाड़े स्कूटी की डिक्की से ₹85 हजार और सोने के जेवर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

छिंदवाड़ा देहात थाना पुलिस ने एक साल पुराने स्कूटी की डिक्की से नकदी और सोने के आभूषण चोरी के मामले में हिमांशु उर्फ चीटा बेलवंशी को सिंगरौली से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने साथी अक्षय यादव के साथ वारदात करना स्वीकार किया है। दूसरा आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है।

Sep 2, 2026 - 20:17
 0  3
दिनदहाड़े स्कूटी की डिक्की से ₹85 हजार और सोने के जेवर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

UNITED NEWS OF ASIA. यज्ञराज पटेल, छिंदवाड़ा l देहात थाना पुलिस ने दिनदहाड़े स्कूटी की डिक्की का लॉक तोड़कर नकदी और सोने के आभूषण चोरी करने के करीब एक साल पुराने मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी हिमांशु उर्फ चीटा बेलवंशी पिछले करीब एक साल से पुलिस की पकड़ से बच रहा था और सिंगरौली जिले में ठिकाना बनाकर रह रहा था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। मामले में शामिल दूसरा आरोपी अक्षय यादव अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वारदात 1 सितंबर 2025 को हुई थी। लालबाग निवासी चांदनी बंदेवार ने देहात थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपनी स्कूटी अभिषेक चौकसे के घर के सामने खड़ी की थी। इसी दौरान अज्ञात आरोपियों ने स्कूटी की डिक्की का लॉक तोड़कर उसमें रखे 85 हजार रुपये नकद और सोने के मंगलसूत्र की गुड़िया चोरी कर ली थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 463/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटना के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

2 सितंबर 2026 को देहात थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत को मुखबिर से सूचना मिली कि मामले का एक संदेही हिमांशु उर्फ चीटा बेलवंशी सिंगरौली में एसएलआर स्कूल के पास किराए के मकान में अपने एक परिचित के घर रुका हुआ है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी और आरोपी को भागने का मौका मिलने से पहले हिरासत में ले लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर अपने साथी अक्षय यादव के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार चोरी की रकम में से आरोपी के हिस्से में 35 हजार रुपये आए थे, जिन्हें उसने जुआ खेलने और खाने-पीने में खर्च कर दिया। पुलिस ने यह भी बताया कि हिमांशु के खिलाफ पूर्व में शराब तस्करी, मारपीट, आर्म्स एक्ट और चोरी से जुड़े मामले कुंडीपुरा, मोहोखेड़ और देहात थाने में दर्ज हैं।

मामले का दूसरा आरोपी अक्षय यादव, निवासी पुराना छापाखाना, साहू ज्वेलर्स के पीछे, फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार वह अपनी स्कूटी सहित पुलिस की पकड़ से बाहर है। हिमांशु को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है, जबकि अक्षय की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस मामले के खुलासे में थाना प्रभारी गोविंद सिंह राजपूत, उपनिरीक्षक संदीप सिंह राजपूत, आरक्षक सूरज सिंह चौहान, शेरसिंह रघुवंशी, सौरभ सिंह बघेल, तरुण परतेती और नितिन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए उत्कृष्ट कार्य के लिए नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।