रेलवे ओवरब्रिज और अंडरब्रिज परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, पीडब्ल्यूडी सचिव ने की समीक्षा बैठक
लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने रेलवे ओवरब्रिज (ROB) और रेलवे अंडरब्रिज (RUB) परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं को जल्द दूर करने, अप्रारंभ परियोजनाओं को शुरू करने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l छत्तीसगढ़ में रेलवे ओवरब्रिज (ROB) और रेलवे अंडरब्रिज (RUB) परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने विभागीय एवं रेलवे अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक ली। बैठक में प्रदेशभर में निर्माणाधीन और प्रस्तावित परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
मंत्रालय में आयोजित इस बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी और दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे बिलासपुर मुख्यालय के प्रधान मुख्य अभियंता अवनीश कुमार पाण्डेय सहित दोनों विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य रेलवे फाटकों पर यातायात बाधाओं को कम करने और प्रदेश में सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए परियोजनाओं की गति बढ़ाना रहा।
मुकेश कुमार बंसल ने अधिकारियों से कहा कि रेलवे और लोक निर्माण विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज और अंडरब्रिज परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से लोगों को रेलवे फाटकों पर लगने वाले लंबे जाम से राहत मिलेगी और माल परिवहन भी अधिक तेज एवं सुगम होगा।
बैठक में सचिव ने विशेष रूप से उन परियोजनाओं की समीक्षा की जो अभी तक शुरू नहीं हो सकी हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि संबंधी विवाद, अतिक्रमण, भू-अर्जन, नामांतरण तथा भूमि व्यपवर्तन जैसी प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के साथ समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए, ताकि परियोजनाओं का कार्य जल्द प्रारंभ किया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि कई परियोजनाओं में यूटिलिटी शिफ्टिंग में देरी के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे मामलों में संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर बिजली, पानी, दूरसंचार और अन्य आवश्यक सेवाओं के स्थानांतरण का कार्य तेजी से पूरा किया जाए, जिससे निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के आगे बढ़ सके।
समीक्षा बैठक के दौरान प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज और अंडरब्रिज परियोजनाओं के लिए ड्राइंग, डिजाइन और प्राक्कलन तैयार करने पर भी चर्चा हुई। सचिव ने निर्देश दिए कि जहां भी आवश्यकता हो, वहां लोक निर्माण विभाग और रेलवे के अधिकारियों का संयुक्त निरीक्षण तत्काल कराया जाए, ताकि तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को समय पर पूरा किया जा सके।
मुकेश कुमार बंसल ने परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि लोक निर्माण विभाग और रेलवे के अधिकारी प्रत्येक तीन महीने में संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित कर परियोजनाओं की प्रगति का मूल्यांकन करें और लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। उनका कहना था कि राज्य सरकार की प्राथमिकता प्रदेश में सुरक्षित, व्यवस्थित और तेज आवागमन की सुविधाएं विकसित करना है।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, सेतु परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता एस.के. कोरी, अधीक्षण अभियंता डी.के. माहेश्वरी, दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे के मुख्य अभियंता मनोज कुमार सिंह, सीपीएम-बिलासपुर राजीव कुमार तथा सीपीएम-रायपुर तत्वदर्शी साहू सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया और तय समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने का भरोसा दिलाया।