छत्तीसगढ़ सरकार का दो साल का कार्यकाल छल-कपट से भरा, मोदी की गारंटी पूरी तरह फेल: विकास उपाध्याय
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने छत्तीसगढ़ सरकार के दो साल के कार्यकाल को भ्रष्टाचार, अपराध और झूठी गारंटियों से भरा बताते हुए कहा कि मोदी की गारंटी के नाम पर जनता से वोट लिया गया, लेकिन अधिकांश वादे जमीन पर फेल साबित हुए।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार के दो साल के कार्यकाल पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह पूरा कार्यकाल छल, कपट और झूठी गारंटियों से भरा रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी के नाम पर जनता से वोट तो लिया गया, लेकिन आज गारंटी का कहीं अता-पता नहीं है।
विकास उपाध्याय ने कहा कि चुनाव के दौरान महतारी वंदन योजना के तहत राज्य की प्रत्येक शादीशुदा महिला को लाभ देने, किसानों के लिए कृषि बजट छह गुना करने और बेरोजगार युवाओं को रोजगार गारंटी देने जैसे बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन हकीकत में ये सभी घोषणाएं पूरी तरह फेल साबित हुईं। पिछले दो वर्षों में राज्य में केवल भ्रष्टाचार और अपराध का बोलबाला रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीब परिवारों की महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने, छात्रों को कॉलेज आने-जाने के लिए मासिक ट्रैवल अलाउंस, भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति, आयोग और वेब पोर्टल बनाने जैसी घोषणाएं की थीं, लेकिन इनमें से किसी भी वादे को प्रभावी रूप से लागू नहीं किया गया।
उपाध्याय ने बताया कि दीनदयाल उपाध्याय कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत प्रत्येक भूमिहीन खेतिहर मजदूर को हर साल 10 हजार रुपये देने, आयुष्मान भारत योजना में स्वास्थ्य बीमा की राशि 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख करने, 500 नए जन औषधि केंद्र खोलने और युवाओं को ब्याज मुक्त ऋण देने की बातें केवल कागजों तक सीमित रहीं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने 18 लाख प्रधानमंत्री आवास और घर-घर नल जल योजना का वादा किया था, लेकिन आज भी लाखों आवेदन लंबित हैं। इसी तरह सरकार तुंहर द्वार योजना, शक्तिपीठ परियोजना, श्रीरामलला दर्शन योजना, अटल पेंशन योजना, विश्व स्तरीय कृषि विश्वविद्यालय और एक लाख रिक्त शासकीय पदों पर भर्ती जैसे वादे भी अधूरे हैं।
विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों में भाजपा सरकार ने केवल छत्तीसगढ़ की जनता का शोषण किया है। बिजली बिलों में बढ़ोतरी, जमीन गाइडलाइन जैसे काले कानून, महंगाई और बेरोजगारी ने आम जनता को खून के आंसू रुला दिए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की साय सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है और जनता अब सच्चाई को समझ चुकी है।