गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और खेल संस्कृति से मजबूत होगी विकसित भारत की नींव: बृजमोहन अग्रवाल

रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन-दीव के संसदीय अध्ययन दौरे के दौरान शिक्षा और खेल विकास को लेकर रणनीतिक मंथन किया। उन्होंने CSR फंड के प्रभावी उपयोग से खेल अधोसंरचना विकसित करने और पीएम श्री स्कूलों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का मॉडल बनाने पर जोर दिया। उन्होंने छत्तीसगढ़ में पीएम श्री योजना के तहत 211 स्कूलों के उन्नयन और 2 लाख से अधिक विद्यार्थियों को मिल रहे लाभ की जानकारी भी साझा की।

Sep 1, 2026 - 09:02
 0  2
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और खेल संस्कृति से मजबूत होगी विकसित भारत की नींव: बृजमोहन अग्रवाल

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन-दीव के संसदीय अध्ययन दौरे के दौरान शिक्षा और खेल विकास को लेकर व्यापक रणनीतिक मंथन किया। दीव में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शैक्षणिक अधोसंरचना और कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी यानी CSR फंड के प्रभावी उपयोग को लेकर विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और खेल संस्कृति का विस्तार विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

बैठक में भारत सरकार के विद्यालय शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, केंद्र शासित प्रदेश के शिक्षा निदेशालय, नवोदय विद्यालय समिति, वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग तथा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारियों के साथ शिक्षा और खेल क्षेत्र से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। सांसद ने आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के साथ विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और खेल के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।

बृजमोहन अग्रवाल ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और वित्तीय संस्थानों के CSR फंड के प्रभावी इस्तेमाल पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि CSR के माध्यम से आधुनिक खेल मैदान, सिंथेटिक ट्रैक, खेल उपकरण और प्रशिक्षण केंद्र विकसित किए जा सकते हैं। इससे प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और देश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए मजबूत आधार तैयार होगा।

संसदीय अध्ययन प्रवास के दौरान बृजमोहन अग्रवाल ने दीव स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में डिजिटल स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाओं, खेल परिसरों और छात्रावास व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम सुविधाओं की जानकारी ली और शिक्षा व्यवस्था में आधुनिक तकनीक के उपयोग को महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने पीएम श्री योजना को भावी पीढ़ी के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पहल बताया। उनके अनुसार पीएम श्री स्कूलों में आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं के साथ विद्यार्थियों को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के उद्देश्यों को जमीन पर प्रभावी तरीके से लागू करने में ऐसे विद्यालय महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

बैठक के दौरान बृजमोहन अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ में पीएम श्री योजना की प्रगति का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि राज्य में प्रथम चरण के तहत 211 स्कूलों को पीएम श्री स्कूल के रूप में अपग्रेड कर आधुनिक और बेहतर सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। इससे छत्तीसगढ़ के 2 लाख से अधिक विद्यार्थियों को सीधे लाभ मिलने की बात उन्होंने कही।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना आवश्यक है। स्कूलों में ICT लैब, वोकेशनल ट्रेनिंग और स्मार्ट क्लासरूम जैसी सुविधाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को 21वीं सदी के कौशल से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इससे विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ तकनीकी और व्यावसायिक दक्षताओं के विकास का अवसर मिल रहा है।

बृजमोहन अग्रवाल ने शिक्षा और खेल को एक-दूसरे के पूरक बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों को भी पर्याप्त महत्व दिया जाना चाहिए। आधुनिक खेल सुविधाओं और प्रशिक्षण संसाधनों की उपलब्धता से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने का अवसर मिल सकता है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और खेल संस्कृति का विस्तार देश की भावी पीढ़ी को सक्षम बनाने का मजबूत आधार है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने, खेल अधोसंरचना का विस्तार करने और CSR संसाधनों के प्रभावी उपयोग के लिए निरंतर प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।