संगठन और सेवा से ही मजबूत होगा समाज – सांसद बृजमोहन अग्रवाल

रायपुर के ग्राम सेमरिया में आयोजित डड़सेना कलार सिन्हा समाज के वार्षिक सम्मेलन में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने संगठन, सेवा और सामाजिक एकजुटता पर जोर दिया। उन्होंने शिक्षा, विवाह और स्वास्थ्य को समाज के विकास की प्रमुख प्राथमिकताएं बताया।

Apr 13, 2026 - 13:32
 0  3
संगठन और सेवा से ही मजबूत होगा समाज – सांसद बृजमोहन अग्रवाल

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l  रायपुर जिले के आरंग विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेमरिया में आयोजित छत्तीसगढ़ डड़सेना कलार सिन्हा समाज के मंडल स्तरीय वार्षिक सम्मेलन में सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने समाज की एकजुटता और सेवा भावना पर विशेष बल दिया। 12 अप्रैल को आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में सांसद अग्रवाल ने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति उसके संगठन और सेवा कार्यों में निहित होती है। उन्होंने कहा कि अक्सर लोग यह सोचते हैं कि समाज उनके लिए क्या कर रहा है, जबकि सही दृष्टिकोण यह होना चाहिए कि हम समाज के लिए क्या कर रहे हैं। जब हर व्यक्ति समाज के हित में सोचने लगेगा, तभी सच्चे अर्थों में एक मजबूत और आत्मनिर्भर समाज का निर्माण संभव होगा।

उन्होंने कलार समाज के आराध्य भगवान सहस्त्रबाहु का उल्लेख करते हुए कहा कि जिनके हजार भुजाएं हैं, वह शक्ति और सामर्थ्य का प्रतीक हैं। यदि समाज स्वयं को सहस्त्रबाहु की तरह शक्तिशाली मानता है, तो उसे उतनी ही सक्रियता और समर्पण के साथ कार्य भी करना होगा। उन्होंने कहा कि एकजुटता ही समाज की सबसे बड़ी ताकत होती है, जो हर चुनौती का सामना कर सकती है।

समाज के विकास के लिए सांसद अग्रवाल ने तीन प्रमुख क्षेत्रों—शिक्षा, विवाह और स्वास्थ्य—को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि गरीब बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी समाज को उठानी चाहिए, ताकि कोई भी बच्चा पढ़ाई से वंचित न रहे। इसके साथ ही जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करना और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों के इलाज में मदद करना भी समाज की जिम्मेदारी है।

आर्थिक सहयोग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने एक व्यावहारिक सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि यदि समाज का प्रत्येक परिवार मात्र 100 रुपये प्रतिमाह का योगदान दे, तो एक बड़ा कोष तैयार किया जा सकता है। उदाहरण के तौर पर, 5000 परिवारों से हर महीने 5 लाख रुपये और साल भर में 60 लाख रुपये जुटाए जा सकते हैं, जिसका उपयोग समाज के विकास कार्यों में किया जा सकता है।

उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि समाज के 5 से 10 युवाओं की एक टीम बनाई जाए, जो नियमित रूप से घर-घर जाकर सहयोग राशि एकत्र करें और समाज के कार्यों को गति दें। इससे न केवल आर्थिक संसाधन बढ़ेंगे, बल्कि युवाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित होगी।

कार्यक्रम के दौरान सांसद अग्रवाल ने समाज भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि यह भवन केवल आयोजनों तक सीमित न रहे, बल्कि इसे समाज के विकास का केंद्र बनाया जाए। यहां महिलाओं के लिए सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण, बच्चों के लिए कंप्यूटर शिक्षा और अन्य रचनात्मक गतिविधियों का संचालन किया जा सकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि साल में केवल एक बार सम्मेलन आयोजित करने से समाज का विकास संभव नहीं है, बल्कि पूरे वर्ष निरंतर प्रयास करना आवश्यक है। जो समाज सेवा और विकास के कार्यों में सक्रिय रहेगा, वही लोगों के दिलों में स्थायी स्थान बना पाएगा।

इस अवसर पर भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश मंत्री अशोक सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, युवराज सिन्हा, दशरुराम सिन्हा, लाला राम सिन्हा, अरुण सिन्हा सहित समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में समाज के विकास और एकजुटता को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई।