व्हाट्सऐप स्टेटस में अभद्र टिप्पणी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, बोरई पुलिस ने न्यायालय में किया पेश

धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र में व्हाट्सऐप स्टेटस के जरिए पंचायत प्रतिनिधियों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के मामले में बोरई पुलिस ने कार्रवाई की। ग्राम कसपुर के सरपंच बोधन सिंह मरकाम की शिकायत पर पुलिस ने उमेश कुमार चक्रधारी के खिलाफ शांति भंग करने के आरोप में बीएनएस की धारा 126-135(3) के तहत कार्रवाई की। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

Aug 30, 2026 - 09:52
 0  16
व्हाट्सऐप स्टेटस में अभद्र टिप्पणी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, बोरई पुलिस ने न्यायालय में किया पेश

UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l ग्राम पंचायत कसपुर के सरपंच और पंचायत प्रतिनिधियों के खिलाफ व्हाट्सऐप स्टेटस में अभद्र टिप्पणी करने के मामले में बोरई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत कसपुर के सरपंच बोधन सिंह मरकाम ने बोरई थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि गांव के एक युवक ने सरपंच, पंच और पंचायत सचिव सहित पंचायत प्रतिनिधियों के खिलाफ अपने व्हाट्सऐप स्टेटस में अभद्र टिप्पणी लिखी थी। इससे गांव का माहौल प्रभावित होने की स्थिति बन रही थी।

बताया गया कि मामले को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने युवक को समझाइश देने का प्रयास किया था। हालांकि, समझाइश के बाद भी युवक अपने व्यवहार में सुधार करने के बजाय विवाद और लड़ाई-झगड़े पर उतारू हो गया। स्थिति को देखते हुए सरपंच ने पुलिस से शिकायत की।

शिकायत मिलने के बाद बोरई पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार कसपुर निवासी उमेश कुमार चक्रधारी, पिता संतुराम चक्रधारी, उम्र 30 वर्ष, द्वारा पंचायत प्रतिनिधियों के संबंध में व्हाट्सऐप स्टेटस पर अभद्र टिप्पणी की गई थी। ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों की समझाइश के बावजूद विवाद की स्थिति बनने पर पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कार्रवाई की।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 126-135(3) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से आरोपी को जेल भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से विवाद की स्थिति उत्पन्न करने तथा सार्वजनिक शांति भंग करने वाले मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बोरई पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ आपत्तिजनक अथवा विवाद बढ़ाने वाली सामग्री पोस्ट करने से बचें और किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें।