कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। बैठक का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाना तथा आगामी प्रशिक्षण अभियान को सफल बनाने की रणनीति तैयार करना था।
प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी श्रीमती संध्या पारगनिहा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने और आम जनता के बीच सरकार की योजनाओं को पहुंचाने पर जोर दिया।
जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि भाजपा संगठन निरंतर विस्तार की दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने मंडल, शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर पर नियमित गतिविधियां संचालित करने और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बनाए रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि संगठन की सफलता अनुशासन, समर्पण और सतत संपर्क पर आधारित होती है।
पूर्व जिला अध्यक्ष पवन साहू एवं प्रदेश लघु वनोपज संघ के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और पार्टी की नीतियों के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। नेताओं ने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक सशक्त माध्यम है।
जिला प्रशिक्षण प्रभारी शिरीष अग्रवाल ने “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026” की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर में संगठनात्मक संरचना, पार्टी विचारधारा, सोशल मीडिया प्रबंधन, जनसंपर्क, चुनाव संचालन, सेवा कार्य और नेतृत्व विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा भोजन, आवास, पंजीयन, अनुशासन और प्रचार-प्रसार की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई।
बैठक के दौरान पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत और नवनियुक्त मुख्यमंत्री सुवेंद्र अधिकारी के शपथ ग्रहण की खुशी में जिला कार्यालय में 100 किलो झालमुड़ी का वितरण किया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री राकेश छोटू यादव ने किया। बैठक में प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अभिषेक शुक्ला, कृष्णकांत पवार, वीरेंद्र साहू, लेखराम साहू, सौरभ लुनिया, तारिणी चंद्राकर, अश्वनी यादव, हरीश कटझरे, पूजा यादव, प्रेम साहू, प्रमोद जैन सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।