बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12 किलो से अधिक गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार
बालोद जिले की पुरूर पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत 12.100 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 6.05 लाख रुपये मूल्य का गांजा और एक मोपेड जब्त की है। कुल जब्ती की कीमत लगभग 6.25 लाख रुपये बताई गई है।
UNITED NEWS OF ASIA. सुनील साहू l बालोद जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुरूर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 12.100 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से गांजा और घटना में प्रयुक्त मोपेड सहित कुल 6 लाख 25 हजार रुपये मूल्य का सामान जब्त किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य के निर्देश तथा बालोद पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन में की गई। एसडीओपी गुरूर माया शर्मा और थाना प्रभारी पुरूर उप निरीक्षक जोगेन्द्र साहू के नेतृत्व में विशेष टीम ने पूरे अभियान को अंजाम दिया।
जानकारी के मुताबिक 28 मई 2026 को थाना पुरूर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति मोपेड वाहन में बड़ी मात्रा में अवैध गांजा लेकर कांकेर-चारामा मार्ग से रायपुर की ओर जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर ग्राम मरकाटोला कैंप के सामने विशेष वाहन जांच अभियान शुरू किया।
वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार एक मोपेड आती दिखाई दी। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर वाहन को रोका और चालक से पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम रवि नेताम (40) निवासी ग्राम कनेरी मनेरीपारा, थाना पुरूर, जिला बालोद बताया।
पुलिस ने संदेह के आधार पर वाहन की तलाशी ली, जिसमें सामने रखी सफेद प्लास्टिक की बोरी से छह पैकेट बरामद हुए। पैकेटों को खाकी टेप से लपेटा गया था। जांच करने पर उनमें गांजा पाया गया। पुलिस द्वारा तौल कराने पर बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन 12.100 किलोग्राम निकला। जब्त गांजा की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 6 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा के अलावा घटना में प्रयुक्त TVS XL 100 मोपेड क्रमांक CG 24 K-0170 भी जब्त कर लिया। गांजा और वाहन सहित कुल जब्ती की कीमत लगभग 6 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।
आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी गांजा कहां से लाया था और इसे किसे सप्लाई करने जा रहा था।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जोगेन्द्र साहू, विश्वजीत मेश्राम, भुजबल साहू, लिखन साहू, किशोर साहू, उमाशंकर जारके, धर्मेन्द्र टाण्डेकर, थनेन्द्र देवांगन, संदीप यादव और मनोज मेश्राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की तत्परता और सतर्कता की सराहना करते हुए भविष्य में भी नशे के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।