बगीचा पुलिस ने 18.75 लाख की मोबाइल चोरी का किया खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार, 47 मोबाइल बरामद
जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में मोबाइल दुकान से हुई 18.75 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें तीन विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। पुलिस ने 47 मोबाइल फोन, नकदी और चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है, जबकि एक फरार आरोपी की तलाश जारी है।
UNITED NEWS OF ASIA. योगेश यादव, जशपुर l जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में लाखों रुपये की मोबाइल चोरी के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक बालिग और तीन विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 47 मोबाइल फोन, नकदी और चोरी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है तथा शेष चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद करने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार 21 जुलाई 2026 की रात 9 बजे से 22 जुलाई 2026 की सुबह 7 बजे के बीच थाना बगीचा क्षेत्र के बस स्टैंड प्रतीक्षालय के पीछे स्थित कैपिटल मोबाइल शॉप का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने दुकान में रखे नए और पुराने कुल 93 मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे। चोरी गए मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 18 लाख 75 हजार रुपये बताई गई।
दुकान संचालक जैद अली, पिता मोहम्मद इकराम अली, उम्र 28 वर्ष, निवासी सुकबासु पारा, बगीचा की लिखित शिकायत पर थाना बगीचा में अपराध क्रमांक 197/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4), 305(A) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बगीचा पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक प्रजापति, पिता भास्कर प्रजापति, उम्र 19 वर्ष, निवासी डूमर टोली, बगीचा तथा तीन विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। पुलिस ने एक अन्य आरोपी की पहचान भी कर ली है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 47 मोबाइल फोन, जिनकी बाजार कीमत लगभग 10 लाख रुपये है, बरामद किए हैं। इसके अलावा चोरी के 600 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की यामाहा एमटी मोटरसाइकिल, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये है, भी जब्त की गई है।
गिरफ्तार विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया, जबकि बालिग आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश और शेष चोरी गए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।
पूरे मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी गौरव कुमार पांडे, सहायक उप निरीक्षक अनिल कुमार कामरे, सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र मिंज, प्रधान आरक्षक लक्ष्मण सिंह, आरक्षक मुकेश पांडे, फुलजेंस टोप्पो, धनेश्वर राम, राजेश कालो तथा नगर सैनिक बलिराम की विशेष भूमिका रही।
इस मामले में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि बगीचा थाना क्षेत्र में हुई मोबाइल चोरी के मामले में पुलिस ने अत्यंत पेशेवर तरीके से कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि फरार आरोपी की तलाश जारी है और उसे भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा, साथ ही शेष चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद करने के प्रयास लगातार जारी हैं।