रायपुर में Ather Energy ने लॉन्च किया नया इलेक्ट्रिक स्कूटर Konark, 200 KM तक की रेंज

एथर एनर्जी ने रायपुर में अपना नया इलेक्ट्रिक स्कूटर कोणार्क पेश किया है। यह S और Z सीरीज में छह वैरिएंट्स के साथ उपलब्ध होगा और 200 किलोमीटर तक की IDC रेंज देने का दावा किया गया है। कंपनी ने इसकी शुरुआती इंट्रोडक्टरी कीमत 99,999 रुपये (एक्स-शोरूम रायपुर) रखी है। कोणार्क में 10 साल या 1 लाख किलोमीटर की बैटरी वारंटी और कई स्मार्ट फीचर्स दिए गए हैं।

Oct 6, 2026 - 16:54
 0  4
रायपुर में Ather Energy ने लॉन्च किया नया इलेक्ट्रिक स्कूटर Konark, 200 KM तक की रेंज

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर। भारत की प्रमुख इलेक्ट्रिक स्कूटर निर्माता कंपनी एथर एनर्जी ने रायपुर में अपने नए इलेक्ट्रिक स्कूटर कोणार्क को पेश किया है। कंपनी के मुताबिक यह स्कूटर रोजमर्रा की राइडिंग, आराम, बेहतर रेंज, टिकाऊपन और आसान ओनरशिप को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। कोणार्क को कंपनी के नए ईएल प्लेटफॉर्म पर बनाया गया है और यह S तथा Z सीरीज में कुल छह वैरिएंट्स में उपलब्ध होगा। कंपनी के अनुसार इसमें 200 किलोमीटर तक की IDC रेंज मिलती है।

कोणार्क की खास बात इसकी बैटरी वारंटी है। स्कूटर के सभी वैरिएंट में एथर की फिफ्थ जनरेशन बेडरॉक बैटरी दी गई है। कंपनी इस बैटरी पर 10 साल या 1,00,000 किलोमीटर, जो भी पहले हो, की वारंटी दे रही है। इसके साथ ही वारंटी अवधि के अंत तक कम से कम 70 प्रतिशत बैटरी हेल्थ बनाए रखने की गारंटी भी दी गई है। कंपनी ने स्कूटर का सर्विस इंटरवल 10,000 किलोमीटर या एक साल, जो भी पहले हो, रखा है।

एथर एनर्जी के हेड ऑफ मार्केटिंग सौरभ शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ कंपनी के लिए इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण बाजार है। उनके मुताबिक कोणार्क को ऐसे ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदने का इंतजार कर रहे हैं। स्कूटर में मेटल बॉडी, लंबी रेंज, आरामदायक राइड, फास्ट होम चार्जिंग और लंबा सर्विस इंटरवल जैसी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है।

कोणार्क की शुरुआती स्पेशल इंट्रोडक्टरी कीमत 99,999 रुपये एक्स-शोरूम रायपुर रखी गई है। कंपनी के अनुसार चुनिंदा वैरिएंट्स की डिलीवरी चरणबद्ध तरीके से शुरू की जा रही है। स्कूटर को भारत की सड़कों और रोजमर्रा की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। इसमें 14 इंच का फ्रंट अलॉय व्हील, 12 इंच का रियर अलॉय व्हील और 1352 मिलीमीटर का व्हीलबेस दिया गया है। दोनों पहियों पर लॉन्ग-ट्रैवल सस्पेंशन भी मौजूद हैं।

कोणार्क एथर का पहला ऐसा स्कूटर है, जिसमें रियर साइड पर मेटल पैनल और स्टील यूनिबॉडी चेसिस दिया गया है। कंपनी के अनुसार सीक्वेंशियल गियर-ड्राइव ट्रांसमिशन स्मूथ और लगभग साइलेंट पावर डिलीवरी में मदद करता है। स्कूटर में एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक ब्रेकिंग सिस्टम यानी AEBS और रिजनरेटिव ब्रेकिंग जैसी तकनीक भी दी गई है। AEBS सड़क की परिस्थितियों के अनुसार फ्रंट और रियर व्हील के बीच ब्रेकिंग फोर्स को डायनामिक तरीके से एडजस्ट करता है।

टेक्नोलॉजी फीचर्स की बात करें तो कोणार्क में मैजिककी, स्मार्टवेक, ऑटोमैटिक लॉकिंग, रिमोट स्कूटर लोकेशन, ऑटोपॉप और एयरवॉक जैसे फीचर्स मिलते हैं। ऑटोपॉप फीचर अंडर-सीट स्टोरेज तक हैंड्स-फ्री पहुंच में मदद करता है, जबकि एयरवॉक फीचर तंग पार्किंग स्पेस में स्कूटर को आगे-पीछे करने में सुविधा देता है।

चार्जिंग के लिए स्कूटर में इंटीग्रेटेड ऑनबोर्ड चार्जर और चार्जिंग केबल दी गई है। कंपनी के अनुसार वैकल्पिक 450 वॉट ऑफबोर्ड चार्जर को इन-बिल्ट 450 वॉट चार्जर के साथ इस्तेमाल करने पर कुल 900 वॉट की कंबाइंड चार्जिंग क्षमता मिल सकती है, जिससे होम चार्जिंग का समय कम किया जा सकता है।

छत्तीसगढ़ में एथर की मौजूदगी भी लगातार बढ़ रही है। कंपनी के मुताबिक वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही में राज्य में उसका मार्केट शेयर 6.6 प्रतिशत था, जो वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में बढ़कर 11.9 प्रतिशत हो गया। वाहन के आंकड़ों के अनुसार इस अवधि में कंपनी ने राज्य में साल-दर-साल 161 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1,246 स्कूटर बेचे। छत्तीसगढ़ में एथर के 19 एक्सपीरिएंस सेंटर और 17 सर्विस सेंटर हैं, जबकि तीन एक्सपीरिएंस सेंटर रायपुर में मौजूद हैं। इसके अलावा राज्य में कंपनी के 55 LECSS फास्ट चार्जिंग पॉइंट बताए गए हैं।