7 सूत्रीय मांगों को लेकर AAP का रायपुर में विशाल धरना, सरकार पर लगाए शिक्षा-स्वास्थ्य व्यवस्था में विफलता के आरोप

आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ ने 7 सूत्रीय मांगों को लेकर रायपुर के नलघर चौक में धरना-प्रदर्शन किया। पार्टी ने शिक्षा, स्वास्थ्य, गौधाम योजना, सड़कों, किसानों, बिजली बिल और बेरोजगारी से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

Sep 8, 2026 - 08:59
Sep 8, 2026 - 09:00
 0  2
7 सूत्रीय मांगों को लेकर AAP का रायपुर में विशाल धरना, सरकार पर लगाए शिक्षा-स्वास्थ्य व्यवस्था में विफलता के आरोप

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ ने सोमवार को प्रदेश की शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर राजधानी रायपुर के नलघर चौक में विशाल धरना-प्रदर्शन किया। पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुकेश अहलावत के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में प्रदेशभर से आए पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के बाद पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर 7 सूत्रीय मांगों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।

धरने को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी मुकेश अहलावत ने भाजपा सरकार पर प्रदेश की व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था बदहाल है और शिक्षकों की कमी तथा गिरते शैक्षणिक स्तर पर सरकार को तत्काल ध्यान देना चाहिए। उन्होंने पेपर लीक की घटनाओं, स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति, जर्जर सड़कों और सड़कों पर घूम रहे आवारा मवेशियों का मुद्दा भी उठाया। पार्टी ने बढ़े हुए बिजली बिल को लेकर भी सरकार से राहत देने की मांग की।

प्रदेश सहप्रभारी सौरभ झा ने किसानों और युवाओं से जुड़े मुद्दे उठाते हुए कहा कि किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता और कीमतों को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने रोजगार के वादे का उल्लेख करते हुए प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।

आप के धरना-प्रदर्शन में सात प्रमुख मांगें रखी गईं। इनमें सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, अस्पतालों में डॉक्टर, दवाइयां और जरूरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग शामिल है। पार्टी ने गौधाम योजना में कथित भ्रष्टाचार की जांच कराने तथा आवारा मवेशियों के उचित रखरखाव की व्यवस्था करने की मांग भी रखी।

इसके अलावा राज्य की जर्जर और गड्ढायुक्त सड़कों की तत्काल मरम्मत एवं पुनर्निर्माण, किसानों को उचित समर्थन मूल्य दिलाने, खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने और मुआवजा वितरण में देरी दूर करने की मांग की गई। बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए बढ़े हुए बिजली दाम और अनाप-शनाप बिलों की समस्या का समाधान करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।

पार्टी ने प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने और रिक्त पदों पर पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। आप नेताओं ने कहा कि इन मुद्दों का सीधा संबंध आम जनता की रोजमर्रा की जरूरतों से है और सरकार को इन पर प्राथमिकता से कार्रवाई करनी चाहिए।

आम आदमी पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष देवलाल नरेटी ने कहा कि यदि सरकार ने सात सूत्रीय मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कदम नहीं उठाए, तो आंदोलन को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों तक ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर आगे भी आंदोलन जारी रखेगी।