21 जुलाई को पूरे छत्तीसगढ़ में हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ करेगी आम आदमी पार्टी

आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ ने 21 जुलाई को प्रदेश की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ आयोजित करने की घोषणा की है। पार्टी का कहना है कि आयोजन का उद्देश्य शांति, सामाजिक सद्भाव और रामराज्य के आदर्शों का संदेश देना है।

Jul 19, 2026 - 10:58
 0  6
21 जुलाई को पूरे छत्तीसगढ़ में हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ करेगी आम आदमी पार्टी

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l आम आदमी पार्टी (आप) छत्तीसगढ़ ने 21 जुलाई 2026 को प्रदेशभर की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ आयोजित करने का निर्णय लिया है। पार्टी के अनुसार यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेश और देश में शांति, सामाजिक सद्भाव, सकारात्मक सोच, नैतिक मूल्यों तथा जनसेवा की भावना को मजबूत करने का सामूहिक प्रयास होगा।

रायपुर में जारी प्रेस विज्ञप्ति में प्रदेश मीडिया प्रभारी मिहिर कुर्मी ने बताया कि यह कार्यक्रम पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल तथा छत्तीसगढ़ प्रभारी एवं दिल्ली के पूर्व मंत्री मुकेश अहलावत के निर्देश पर आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रदेश के जिला, ब्लॉक और विधानसभा स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होंगे।

पार्टी का कहना है कि वर्तमान समय में समाज को कटुता, वैमनस्य और नकारात्मक राजनीति से ऊपर उठकर सत्य, सेवा, सद्भाव और राष्ट्रहित की भावना को अपनाने की आवश्यकता है। भगवान श्रीराम के आदर्श और हनुमान जी की भक्ति, सेवा, साहस, समर्पण तथा कर्तव्यनिष्ठा प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इन्हीं मूल्यों को समाज तक पहुंचाने और प्रदेश व देश की खुशहाली, सामाजिक समरसता तथा जनकल्याण की कामना के साथ यह सामूहिक आयोजन किया जा रहा है।

आप ने यह भी जानकारी दी कि 20 जुलाई को रायपुर स्थित पार्टी के राज्य कार्यालय में प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, ज़ोन प्रभारी, लोकसभा अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, विधानसभा प्रभारी और अन्य प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे। इस दौरान संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों और 21 जुलाई को प्रस्तावित हनुमान चालीसा पाठ कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा कर अंतिम रणनीति तय की जाएगी।

पार्टी के अनुसार इस आयोजन का उद्देश्य समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करना और लोगों को सेवा, समर्पण तथा सामाजिक एकता के संदेश से जोड़ना है। इसके लिए प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इस कार्यक्रम में शामिल हो सकें।

आम आदमी पार्टी ने प्रदेश के कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से अपील की है कि वे 21 जुलाई को आयोजित होने वाले सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ में भाग लेकर सामाजिक सद्भाव, जनकल्याण और रामराज्य के आदर्शों को मजबूत करने के इस अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। पार्टी का कहना है कि इस आयोजन के माध्यम से समाज में सकारात्मक ऊर्जा, भाईचारे और सेवा की भावना को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।