आंजनेय यूनिवर्सिटी में क्रिकेट अकादमी की शुरुआत, GCCA के सहयोग से मिलेगा प्रोफेशनल प्रशिक्षण
रायपुर स्थित आंजनेय यूनिवर्सिटी ने गोविंद चौहान क्रिकेट अकादमी (GCCA) के सहयोग से अत्याधुनिक क्रिकेट अकादमी की शुरुआत की है। इस पहल का उद्देश्य प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट ट्रेनिंग और बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान सहित कई खेल और शिक्षा जगत की हस्तियां मौजूद रहीं।
UNITED NEWS OF ASIA. रायपुर l छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को नई दिशा देने की दिशा में रायपुर स्थित आंजनेय यूनिवर्सिटी ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। यूनिवर्सिटी परिसर में अत्याधुनिक क्रिकेट ग्राउंड पर गोविंद चौहान क्रिकेट अकादमी (GCCA) के सहयोग से क्रिकेट अकादमी की औपचारिक शुरुआत की गई। इस पहल को प्रदेश में क्रिकेट प्रशिक्षण और खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी राजेश चौहान की विशेष उपस्थिति आकर्षण का केंद्र रही। इस अवसर पर खेल, शिक्षा और मीडिया जगत से जुड़े कई प्रमुख लोग भी मौजूद रहे। आयोजन के दौरान युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और प्रतिस्पर्धात्मक माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य पर जोर दिया गया।
करीब तीन दशकों से क्रिकेट प्रशिक्षण के क्षेत्र में सक्रिय GCCA देश की प्रतिष्ठित क्रिकेट संस्थाओं में गिनी जाती है। वर्ष 1994 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान द्वारा स्थापित इस अकादमी ने कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
GCCA से प्रशिक्षित खिलाड़ियों ने रणजी ट्रॉफी, आईपीएल, विज्जी ट्रॉफी और विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है। जतीन सक्सेना, टी. सुधींद्रा और बिन्नी सैमुअल जैसे खिलाड़ी इस अकादमी से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके हैं।
आंजनेय यूनिवर्सिटी में शुरू हुई नई क्रिकेट अकादमी विद्यार्थियों को प्रोफेशनल कोचिंग, मैच प्रैक्टिस, फिटनेस ट्रेनिंग और आधुनिक क्रिकेट तकनीकों का प्रशिक्षण उपलब्ध कराएगी। यूनिवर्सिटी प्रबंधन का मानना है कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीमवर्क और सकारात्मक सोच विकसित करने का भी प्रभावी मंच है।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान ने कहा कि सही मार्गदर्शन और बेहतर खेल सुविधाएं किसी भी खिलाड़ी के भविष्य को नई दिशा दे सकती हैं। उन्होंने कहा कि आंजनेय यूनिवर्सिटी और GCCA की यह साझेदारी प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए सुनहरा अवसर साबित होगी।
यूनिवर्सिटी के चांसलर अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि आने वाले समय में यह क्रिकेट अकादमी रायपुर को क्रिकेट प्रशिक्षण के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां से भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार होंगे, जो प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।
कार्यक्रम में हरिभूमि के प्रबंध संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी, ओलंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया, GCCA सचिव सरसिज घोष, उपाध्यक्ष सुनील त्रिवेदी, खेल प्रशिक्षक वीराज चौहान, क्यूरेटर रूपेश यादव सहित कई खेल विशेषज्ञ और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इसके अलावा विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. टी. रामाराव, महानिदेशक डॉ. बी.सी. जैन, डायरेक्टर डॉ. जयेंद्र नारंग और विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारी एवं स्टाफ भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की पहलें प्रदेश में खेलों के विकास को नई गति देंगी और युवा खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराएंगी। क्रिकेट अकादमी की शुरुआत से रायपुर और आसपास के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अब बड़े शहरों की ओर रुख करने की आवश्यकता कम होगी।