रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, डेढ़ महीने में 51 चोरी के वाहन बरामद, 31 आरोपी गिरफ्तार

राजधानी रायपुर में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले डेढ़ महीने में 51 चोरी के वाहन बरामद किए हैं। इस दौरान 31 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें एक हिस्ट्रीशीटर वाहन चोर भी शामिल है। पुलिस ने 36 लावारिस वाहन भी बरामद कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की है।

Jul 16, 2026 - 11:03
 0  2
रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, डेढ़ महीने में 51 चोरी के वाहन बरामद, 31 आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर l राजधानी रायपुर में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस ने व्यापक अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। पिछले करीब डेढ़ महीने में पुलिस ने चोरी के 51 वाहन बरामद किए हैं और 31 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा शहर के विभिन्न क्षेत्रों से 36 लावारिस वाहनों को भी बरामद कर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई है।

पुलिस के अनुसार, वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कमिश्नरेट क्षेत्र के सभी थाना प्रभारियों और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत हिस्ट्रीशीटर वाहन चोर अभिषेक राय उर्फ जीतू को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है।

जांच में सामने आया कि अभिषेक राय पहले भी कई वाहन चोरी के मामलों में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। पुलिस का कहना है कि जेल से बाहर आने के बाद उसने फिर से वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया था। लगातार मिल रही शिकायतों और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर चोरी के वाहनों को बरामद किया।

पिछले डेढ़ महीने में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान समस्त जोन की थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कुल 51 चोरी के वाहन बरामद किए। इस दौरान 31 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा कमिश्नरेट क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों से 36 लावारिस वाहन भी बरामद किए गए, जिनके संबंध में वैधानिक प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में वाहन चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में पेट्रोलिंग, सीसीटीवी फुटेज की जांच और तकनीकी माध्यमों का उपयोग कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। साथ ही लोगों से भी अपील की गई है कि वे अपने वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर खड़ा करें, स्टेयरिंग लॉक और अन्य सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करें तथा वाहन खड़ा करते समय सावधानी बरतें।

क्राइम एंड साइबर शाखा के एडीसीपी गौरव मंडल ने बताया कि वाहन चोरी करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना और अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करना है, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।