भोलेनाथ की पालकी यात्रा में मारपीट और दहशत फैलाने वालों पर पुलिस की कार्रवाई, 10 संदिग्धों की पहचान

कबीरधाम में 24 अगस्त को भगवान भोलेनाथ की पालकी यात्रा के दौरान मारपीट और दहशत फैलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। वायरल वीडियो के आधार पर 10 लोगों की पहचान की गई, जिनमें 8 नाबालिग और 2 बालिग युवक शामिल हैं। नाबालिगों के परिजनों को सख्त हिदायत दी गई, जबकि दोनों बालिग युवकों के खिलाफ सिटी कोतवाली में वैधानिक कार्रवाई की गई।

Aug 26, 2026 - 08:58
 0  2
भोलेनाथ की पालकी यात्रा में मारपीट और दहशत फैलाने वालों पर पुलिस की कार्रवाई, 10 संदिग्धों की पहचान

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कबीरधाम में भगवान भोलेनाथ की भव्य पालकी यात्रा के दौरान मारपीट और दहशत फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। 24 अगस्त 2026 को आयोजित पालकी यात्रा के दौरान कुछ युवकों द्वारा शहर में लड़ाई झगड़ा और मारपीट करने के साथ दहशत फैलाने वाली वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल की गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए कबीरधाम पुलिस ने वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लिया और उसमें दिखाई दे रहे संदिग्धों की पहचान कर पूछताछ शुरू की।

पुलिस की जांच और पूछताछ के दौरान कुल 10 लोगों की पहचान की गई। इनमें 8 नाबालिग और 2 बालिग युवक शामिल हैं। पुलिस ने नाबालिगों के संबंध में उनके परिजनों को समझाइश देते हुए भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा नहीं होने देने के लिए सख्त हिदायत दी। परिजनों ने भी घटना के लिए क्षमा मांगी और भविष्य में अपने बच्चों की ऐसी गतिविधियों पर ध्यान रखने का आश्वासन दिया।

वहीं दो बालिग युवकों शिवा दुबे पिता सेट्ठी दुबे उम्र 21 वर्ष निवासी मठपारा कवर्धा और दीपराज पाली पिता संतोष पाली उम्र 19 वर्ष निवासी पालीपारा कवर्धा के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में उचित वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि धार्मिक आयोजनों और सार्वजनिक स्थानों पर शांति भंग करने, मारपीट करने या लोगों के बीच भय और दहशत का माहौल पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल और उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशीष शुक्ला के दिशा निर्देश पर की गई। थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक लालजी सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वायरल वीडियो के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर कार्रवाई को आगे बढ़ाया।

कबीरधाम पुलिस ने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। पुलिस सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने वाले वीडियो और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों पर भी लगातार निगरानी रख रही है। पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी विवाद, अफवाह या आपत्तिजनक वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें और किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।