पटरी पार संघर्ष मोर्चा का सड़क निर्माण को लेकर धरना, तहसीलदार ने ज्ञापन लेकर दिया कार्रवाई का आश्वासन

महासमुंद में जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण और नई सड़क निर्माण की मांग को लेकर पटरी पार संघर्ष मोर्चा ने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। संयोजक पार्षद मुस्ताक खान विक्की के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में नागरिकों ने सड़क के गड्ढों में पौधे लगाकर विरोध जताया। तहसीलदार जुगल किशोर पटेल ने धरना स्थल पहुंचकर ज्ञापन लिया और संबंधित विभाग को मांगों से अवगत कराने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन को कांग्रेस नेताओं, पार्षदों और स्थानीय नागरिकों का समर्थन मिला। आंदोलनकारियों ने जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।

Aug 11, 2026 - 11:57
 0  8
पटरी पार संघर्ष मोर्चा का सड़क निर्माण को लेकर धरना, तहसीलदार ने ज्ञापन लेकर दिया कार्रवाई का आश्वासन

UNITED NEWS OF ASIA. शिखा दास, महासमुंद l क्षेत्र की जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण और नई सड़क निर्माण की मांग को लेकर पटरी पार संघर्ष मोर्चा द्वारा आयोजित एक दिवसीय धरना प्रदर्शन ज्ञापन सौंपने के बाद संपन्न हुआ। मोर्चा के संयोजक एवं पार्षद मुस्ताक खान विक्की के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शन के दौरान नागरिकों ने सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर अपना आक्रोश जताया और सांकेतिक रूप से सड़क के गड्ढों में पौधे लगाकर अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया।

धरना स्थल पर पहुंचे तहसीलदार जुगल किशोर पटेल ने आंदोलनकारियों से चर्चा की और उनकी मांगों से संबंधित ज्ञापन स्वीकार किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि मोर्चा द्वारा उठाई गई समस्याओं से संबंधित विभाग को तत्काल अवगत कराया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई के लिए विषय को आगे बढ़ाया जाएगा। इसके बाद मोर्चा ने अपना एक दिवसीय प्रदर्शन समाप्त किया।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व प्रभारी महामंत्री प्रदेश कांग्रेस कमेटी अमरजीत चावला ने कहा कि रेल्वे पटरी के उस पार रहने वाली आबादी की समस्याओं को लंबे समय से प्राथमिकता नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि महासमुंद की लगभग आधी आबादी पटरी पार क्षेत्र में निवास करती है, ऐसे में यहां बेहतर सड़क, जल निकासी और सुरक्षित आवागमन जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने अयोध्या नगर में जलभराव की समस्या का उल्लेख करते हुए कहा कि नागरिकों को अच्छी सड़क और सुरक्षित आवागमन का अधिकार है।

पूर्व जिलाध्यक्ष एवं 2023 विधानसभा प्रत्याशी डॉ. रश्मि चंद्राकर ने सड़क निर्माण की स्थिति को लेकर सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि तुमगांव रोड सहित पटरी पार क्षेत्र में सड़क निर्माण को लेकर लापरवाही बरती जा रही है। जर्जर सड़कों के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क की खराब स्थिति के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है और उड़ती धूल से बच्चों तथा बुजुर्गों को भी परेशानी होती है।

शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गुरमीत चावला ने कहा कि महासमुंद शहर की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस जनता के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण का कार्य धरातल पर शुरू नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि यदि प्रशासन इस जिम्मेदारी को नहीं संभाल पा रहा है तो सड़क निर्माण का काम नगर पालिका को सौंपा जाए। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद नगर पालिका जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास कर रही है। मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर व्यापक आंदोलन की चेतावनी भी दी गई।

सभा को मंडल अध्यक्ष खिलावन बघेल, कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष नितेंद्र बैनर्जी, पूर्व पार्षद राजू साहू और गोपीचंद तारक ने भी संबोधित किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस शहर महामंत्री निर्मल जैन, बृजेंद्र बंजारे, युवक कांग्रेस अध्यक्ष अमन चंद्राकर, महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष सोनम बंसोड, तबरेज खान, डॉ. एजाज नकवी, अनुराग चंद्राकर, शाहबाज राजवानी, नुकेश महंत और बिट्टू साहू सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।

आंदोलन को पार्षद धनेंद्र चंद्राकर, राहुल अवाड़े, गुलशन साहू, ईश्वरी संजय कुमार भोई, मुन्ना देवर, ज्योति रिंकू चंद्राकर, नीरज चंद्राकर, जय देवांगन और जितेंद्र ध्रुव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों का समर्थन मिला। पटरी पार संघर्ष मोर्चा की ओर से लुकू साहू, सचिन चौधरी, साहिल धीरज, सरफराज, अब्दुल सुफियान, तरुण चंद्राकर, शेख अजीम और सुशील बंसोड सहित व्यापारी संघ, महिला समूह एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन अशोक साहू ने किया। आभार प्रदर्शन पटरी पार संघर्ष मोर्चा के संयोजक पार्षद मुस्ताक खान विक्की ने किया। मोर्चा ने स्पष्ट किया कि यदि सड़क निर्माण की दिशा में जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आगामी दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।