कुकदूर पुलिस ने चोरी के दो मामलों का किया खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार, 2.50 लाख का मशरूका बरामद
कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना पुलिस ने चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी सुदूर वनांचल क्षेत्रों में सूने घरों की रेकी कर चांदी के जेवरात चोरी करता था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गए चांदी के जेवरात और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल समेत करीब 2.50 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कबीरधाम l कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना पुलिस ने चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए चांदी के जेवरात तथा चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल सहित करीब 2.50 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी सुदूर वनांचल क्षेत्रों में ग्रामीणों के सूने घरों को निशाना बनाता था और चोरी करने से पहले मोटरसाइकिल से इलाके की रेकी करता था।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित पटेल के मार्गदर्शन में एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पंडरिया भूपत सिंह के पर्यवेक्षण में कुकदूर पुलिस द्वारा लगातार अपराधियों की पतासाजी की जा रही थी। इसी दौरान थाना क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं की जांच के लिए थाना प्रभारी संतोष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पहली घटना ग्राम ढपरापानी की है, जहां समियाबाई बैगा के घर से 23 जुलाई 2026 से 28 जुलाई 2026 के बीच अज्ञात व्यक्ति द्वारा घर में प्रवेश कर चांदी के जेवरात चोरी किए गए थे। मामले में थाना कुकदूर में अपराध क्रमांक 46/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(3) और 305(ए) में अपराध दर्ज किया गया था। दूसरी घटना ग्राम छींदीडीह की है, जहां फूलेश्वरी बाई बैगा के घर से 20 अगस्त 2026 से 25 अगस्त 2026 के बीच आलमारी में रखे चांदी के जेवरात चोरी कर लिए गए थे। इस मामले में अपराध क्रमांक 54/26 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया था।
दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थलों और आसपास के इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी शुरू की। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम नेऊर निवासी देवेन्द्र उर्फ द्वारिका कृषे चोरी किए गए चांदी के जेवरात बेचने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेही देवेन्द्र उर्फ द्वारिका कृषे पिता घनश्याम कृषे, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम नेऊर को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने ग्राम छींदीडीह और ग्राम ढपरापानी में चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपनी होण्डा साईन मोटरसाइकिल क्रमांक CG-09-JT-9476 से पहले वनांचल क्षेत्रों में घूमकर ऐसे घरों की रेकी करता था, जहां ग्रामीण खेती-किसानी के काम से दिन में बाहर चले जाते थे। घर सूना मिलने पर वह मौका देखकर अंदर प्रवेश करता और चांदी के जेवरात चोरी कर लेता था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चांदी का लच्छा, सुतिया, ढार, चंद्रबली, चांदी का रुपया सहित अन्य चांदी के जेवरात बरामद किए। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त होण्डा साईन मोटरसाइकिल भी जप्त की गई। बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है। कुकदूर पुलिस ने दोनों मामलों में चोरी गए मशरूका की शत-प्रतिशत बरामदगी करते हुए आरोपी देवेन्द्र उर्फ द्वारिका कृषे को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी संतोष मिश्रा, उप निरीक्षक गोविंद चंद्रवंशी, प्रधान आरक्षक मनोज तिवारी, आरक्षक कृष्णकुमार धुर्वे, संदीप पाण्डेय, दूजराम सिन्द्राम, राजू निषाद, रम्हौ धुर्वे और सीएसएफ आरक्षक शिवचरण यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कबीरधाम पुलिस ने वनांचल क्षेत्र के ग्रामीणों से अपील की है कि घर से बाहर जाते समय दरवाजे पर मजबूत ताला लगाएं और कीमती सामान सुरक्षित स्थान पर रखें।