जमीन विवाद में भाई की पिटाई से युवक की मौत, हत्या के आरोप में आरोपी गिरफ्तार
कोरिया जिले के पटना थाना क्षेत्र में जमीन बंटवारे के विवाद में बड़े भाई की कथित पिटाई के बाद उपचार के दौरान हुई मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी छोटे भाई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मर्ग जांच में मारपीट से लगी चोटों के कारण मौत होने की पुष्टि के बाद कार्रवाई की गई।
UNITED NEWS OF ASIA. जमील अंसारी, कोरिया l जिले के पटना थाना क्षेत्र में जमीन के बंटवारे को लेकर दो भाइयों के बीच हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। उपचार के दौरान हुई मौत के मामले में पुलिस ने मर्ग जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज करते हुए आरोपी छोटे भाई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार 26 जून 2026 को राम प्रकाश कुशवाहा ने थाना पटना में ललित कुशवाहा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना दी थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा तैयार कराया और पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद मामले की विस्तृत जांच शुरू की गई।
मर्ग जांच के दौरान मृतक की पत्नी, पिता, माता तथा अन्य परिजनों के बयान दर्ज किए गए। जांच में सामने आया कि ललित कुशवाहा और उसका छोटा भाई शारदा कुशवाहा के बीच लंबे समय से घर और जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों के बीच अक्सर कहासुनी और मारपीट होती रहती थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों भाइयों को शराब पीने की आदत थी, जिससे विवाद और बढ़ जाता था।
जांच के अनुसार 23 जून 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे जमीन के विवाद को लेकर दोनों भाइयों के बीच फिर विवाद हुआ। आरोप है कि इस दौरान शारदा कुशवाहा ने ललित कुशवाहा के साथ हाथ, मुक्कों और डंडे से मारपीट की। मारपीट में गंभीर रूप से घायल होने के बाद ललित की तबीयत बिगड़ गई।
अगले दिन 24 जून को परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटना लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल बैकुंठपुर रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान 25 जून 2026 की शाम लगभग 6:15 बजे ललित कुशवाहा की मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को गांव लेकर पहुंचे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मर्ग जांच के दौरान मिले साक्ष्यों से स्पष्ट हुआ कि मारपीट के दौरान लगी गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान ललित की मृत्यु हुई। इसके आधार पर पटना थाना पुलिस ने आरोपी शारदा कुशवाहा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान गवाहों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 8 जुलाई 2026 को आरोपी शारदा कुशवाहा, निवासी ग्राम सावांरावां, थाना पटना, जिला कोरिया को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पारिवारिक विवाद और जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से चल रहा तनाव इस घटना की मुख्य वजह बना।