विभाजन की विभीषिका पर परिचर्चा और क्विज प्रतियोगिता आयोजित, विद्यार्थियों ने साझा किए ऐतिहासिक विचार

कवर्धा में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा विभाजन की विभीषिका विषय पर परिचर्चा एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 10 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। परिचर्चा में रामकृष्ण पब्लिक स्कूल के आदित्य नारायण तिवारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। क्विज प्रतियोगिता में सेजेस दुर्गावती चौक की टीम प्रथम रही। कार्यक्रम में भारत विभाजन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, मानवीय त्रासदी और उससे मिलने वाली सीख पर चर्चा की गई।

Aug 18, 2026 - 12:14
 0  5
विभाजन की विभीषिका पर परिचर्चा और क्विज प्रतियोगिता आयोजित, विद्यार्थियों ने साझा किए ऐतिहासिक विचार

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा l स्कूल शिक्षा विभाग के तत्वावधान में विभाजन की विभीषिका विषय पर परिचर्चा एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन स्वामी करपात्री जी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कवर्धा में किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी एफ.आर. वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में कवर्धा विकासखंड के 10 शासकीय एवं अशासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भारत विभाजन से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं और उसके सामाजिक प्रभावों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। परिचर्चा में रामकृष्ण पब्लिक स्कूल कवर्धा के विद्यार्थी आदित्य नारायण तिवारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

इतिहास के जानकार एवं सेवानिवृत्त व्याख्याता आदित्य श्रीवास्तव, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी अजय चन्द्रवंशी तथा सहायक परियोजना समन्वयक अवधेश नंदन श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच विभाजन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर विचार साझा किए। वक्ताओं ने बताया कि 15 अगस्त 1947 को भारत स्वतंत्र हुआ, लेकिन इसी दौरान देश का विभाजन हुआ, जिसने बड़ी संख्या में लोगों के जीवन, परिवार, संपत्ति और सामाजिक संबंधों को प्रभावित किया।

परिचर्चा में अंग्रेजों की फूट डालो और राज करो की नीति, 1857 के बाद की राजनीतिक परिस्थितियां, 1909 के मार्ले-मिंटो सुधारों के तहत पृथक निर्वाचिका, द्वि-राष्ट्र सिद्धांत, लॉर्ड माउंटबेटन की विभाजन योजना और सर सिरिल रेडक्लिफ द्वारा सीमाओं के निर्धारण जैसे विषयों पर चर्चा की गई।

वक्ताओं ने विभाजन के दौरान हुए व्यापक विस्थापन और मानवीय कठिनाइयों का भी उल्लेख किया। बड़ी संख्या में लोगों को अपने घर, जमीन और कारोबार छोड़कर पलायन करना पड़ा। शरणार्थी शिविरों में लोगों को भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं की कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। सांप्रदायिक हिंसा के कारण अनेक परिवार प्रभावित हुए और बड़ी संख्या में लोगों की जान गई।

क्विज प्रतियोगिता में सेजेस दुर्गावती चौक की टीम प्रथम

कार्यक्रम के दूसरे चरण में स्वतंत्रता संग्राम एवं भारतीय संविधान पर आधारित क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रत्येक विद्यालय से चार विद्यार्थियों की टीम ने प्रतियोगिता में भाग लिया। सेजेस दुर्गावती चौक कवर्धा की टीम ने प्रथम, गुरुकुल पब्लिक स्कूल ने द्वितीय और होली किंगडम स्कूल की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को विभाग की ओर से मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि भारत सरकार द्वारा वर्ष 2021 से प्रत्येक वर्ष 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों और उस दौर की पीड़ा को स्मरण करना तथा विद्यार्थियों को इतिहास से मिलने वाली सीख से परिचित कराना है।

कार्यक्रम में स्वामी करपात्री जी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य डी.एस. जोशी सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता जितेंद्र सिंह ठाकुर ने किया।