गंडईखुर्द से वीबी-जी राम जी योजना का राज्य स्तरीय शुभारंभ, ग्रामीणों को मिलेगा 125 दिन का रोजगार

कबीरधाम जिले के गंडईखुर्द से विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (वीबी-जी राम जी) योजना का राज्य स्तरीय शुभारंभ हुआ। योजना के तहत ग्रामीण परिवारों को 125 दिनों का रोजगार, 300 रुपये प्रतिदिन मजदूरी तथा 318 प्रकार के विकास कार्यों का लाभ मिलेगा।

Jul 2, 2026 - 17:18
 0  1
गंडईखुर्द से वीबी-जी राम जी योजना का राज्य स्तरीय शुभारंभ, ग्रामीणों को मिलेगा 125 दिन का रोजगार

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत गंडईखुर्द से विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (वीबी-जी राम जी) योजना का राज्य स्तरीय शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आंध्र प्रदेश के तिरुपति से राष्ट्रीय स्तर पर योजना का शुभारंभ करते हुए वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित किया।

कार्यक्रम के दौरान विजय शर्मा ने प्रदेश में योजना के अंतर्गत पहले विकास कार्य के रूप में ग्राम पंचायत गंडईखुर्द में शेड निर्माण के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की। इसके साथ ही गंडईखुर्द प्रदेश की पहली पंचायत बन गई, जहां वीबी-जी राम जी योजना के तहत विकास कार्य की औपचारिक शुरुआत हुई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि यह योजना केवल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि विकसित गांवों के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण का अभियान है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ के लिए लगभग 3,300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि योजना के तहत अब ग्रामीण परिवारों को 125 दिनों का रोजगार मिलेगा तथा मजदूरी बढ़ाकर 300 रुपये प्रतिदिन कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि योजना में कुल 318 प्रकार के विकास कार्य शामिल किए गए हैं। इनमें जल संरक्षण के 107, ग्रामीण अधोसंरचना के 90, आजीविका संवर्धन के 86 तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े 35 प्रकार के कार्य शामिल हैं। योजना के तहत डबरी, चेकडैम, वर्षा जल संचयन, नहर लाइनिंग, ग्रामीण सड़क, रिचार्ज पिट, सामुदायिक पशु शेड, कोल्ड स्टोरेज, कृषि प्रसंस्करण केंद्र, हाईमास्ट लाइट, सोलर लाइट, सामुदायिक भवन और अन्य आधारभूत संरचनाओं का निर्माण कराया जा सकेगा।

विजय शर्मा ने कहा कि अब जॉब कार्ड के स्थान पर जीआरजी कार्ड जारी किए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि छत्तीसगढ़ जॉब कार्ड की केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने वाले अग्रणी राज्यों में शामिल है। उन्होंने सभी पंचायतों से स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्ययोजना तैयार करने की अपील करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में गांवों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भावना बोहरा ने कहा कि वीबी-जी राम जी योजना ग्रामीण विकास और रोजगार सृजन की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि योजना से गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और ग्रामीण अधोसंरचना को नई मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं और ग्रामीणों ने मानव श्रृंखला बनाकर योजना का संदेश दिया। साथ ही "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत वृहद पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति के बीच आयोजित यह कार्यक्रम ग्रामीण विकास और रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।