छिंदवाड़ा में भारतीय रेलवे माल गोदाम श्रमिक संघ का कार्यकर्ता एवं श्रमिक सम्मेलन संपन्न
छिंदवाड़ा के दशहरा मैदान में भारतीय रेलवे माल गोदाम श्रमिक संघ का एक दिवसीय कार्यकर्ता एवं श्रमिक सम्मेलन आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि सांसद विवेक बंटी साहू और राष्ट्रीय प्रभारी मनोरंजन कुमार पासवान ने श्रमिकों को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं और श्रम कानूनों की जानकारी दी। सम्मेलन में ESIC, EPFO और श्रम एवं रोजगार मंत्रालय से जुड़े अधिकारियों ने भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
UNITED NEWS OF ASIA. वीरेंद्र यादव, छिंदवाड़ा l भारतीय रेलवे माल गोदाम श्रमिक संघ की छिंदवाड़ा इकाई द्वारा दशहरा मैदान में एक दिवसीय कार्यकर्ता एवं श्रमिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में श्रमिकों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के माध्यम से श्रमिकों को उनके अधिकारों, केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और श्रमिक हितों से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद विवेक बंटी साहू के पहुंचने पर श्रमिक संघ के कार्यकर्ताओं और श्रमिकों ने उनका फूलों से स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत सांसद विवेक बंटी साहू और श्रमिक संघ के राष्ट्रीय प्रभारी मनोरंजन कुमार पासवान ने दीप प्रज्वलित कर की। सांसद ने सम्मेलन के आयोजन पर श्रमिकों और कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए श्रमिकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
विवेक बंटी साहू ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय रेलवे के माल गोदामों सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे श्रमिकों और उनके परिवारों के हितों को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार द्वारा कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य श्रमिकों और उनके परिवारों को बेहतर सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराना है।
सांसद ने रेलवे स्टेशनों में हुए बदलाव का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले कई रेलवे स्टेशनों पर साफ-सफाई की स्थिति खराब रहती थी और यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ता था, लेकिन समय के साथ रेलवे स्टेशनों की व्यवस्थाओं में सुधार हुआ है। उन्होंने इस बदलाव में सरकार की नीतियों के साथ श्रमिकों की मेहनत और लगन को भी महत्वपूर्ण बताया।
सम्मेलन में राष्ट्रीय स्तर के श्रमिक संघ के पदाधिकारियों ने श्रमिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और श्रम कानूनों की जानकारी दी। श्रमिकों के हित में 2025 में पारित किए गए चार Labour Code से जुड़े प्रावधानों के साथ श्रम एवं रोजगार मंत्रालय की योजनाओं, ESIC और EPFO जैसी सामाजिक सुरक्षा व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की गई।
भारतीय रेलवे श्रमिक संघ के राष्ट्रीय प्रभारी मनोरंजन कुमार पासवान, मध्य प्रदेश प्रभारी एवं इकाई अध्यक्ष रणवीर सिंह और उत्तर प्रदेश प्रभारी सुधीर गुप्ता ने श्रमिकों से विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने श्रमिकों और उनके परिवारों से जुड़े अधिकारों तथा सुविधाओं की जानकारी देते हुए योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया।
कार्यक्रम में CLC दीक्षित दवे, ESIC से बलराम बारा पात्र, EPFO से तरेंद्र मझगहे और सहायक लेबर कमिश्नर मध्य प्रदेश वाशुदेव बट्टी सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। संबंधित अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से जुड़ी योजनाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी श्रमिकों के साथ साझा की।
सम्मेलन में लिंगा, सिवनी, चिराईडोंगरी, केवलारी, नैनपुर, मंडला, चौरई और छिंदवाड़ा सहित विभिन्न क्षेत्रों से श्रमिक शामिल हुए। कार्यक्रम को सफल बनाने में बड़ी संख्या में श्रमिक कार्यकर्ता महिलाओं और पुरुषों की सक्रिय भूमिका रही। सम्मेलन का उद्देश्य श्रमिकों को उनके अधिकारों और सरकारी सुविधाओं के प्रति जागरूक कर संगठनात्मक रूप से मजबूत करना रहा।