छत्तीसगढ़ के राज्यमार्ग क्रमांक 20 को चार लेन बनाने की मांग, नितिन गडकरी ने NHAI अधिकारियों को दिए कार्रवाई के निर्देश
भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ रायपुर जिला ग्रामीण के जिला संयोजक दीपक शर्मा ने नागपुर में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ के राज्यमार्ग क्रमांक 20 सिमगा-तिल्दा नेवरा-खरोरा-आरंग को राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्ग के रूप में विकसित करने और CRIF के माध्यम से चार लेन निर्माण की मांग रखी। गडकरी ने NHAI के संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
UNITED NEWS OF ASIA. अशोक मिश्रा, तिल्दा नेवरा l भारतीय जनता पार्टी आर्थिक प्रकोष्ठ रायपुर जिला ग्रामीण के जिला संयोजक दीपक शर्मा ने नागपुर में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से सार्थक और सकारात्मक मुलाकात की। इस दौरान दीपक शर्मा ने छत्तीसगढ़ के राजकीय गमछे और प्रतीक चिन्ह भेंट कर नितिन गडकरी का सम्मान किया।
मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ के राजकीय गमछे ने नितिन गडकरी का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने दीपक शर्मा से गमछे के बारे में जानकारी ली। इस पर दीपक शर्मा ने बताया कि यह छत्तीसगढ़ के राजकीय सम्मान और प्रदेश की पहचान का प्रतीक है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की संस्कृति और पहचान से जुड़े इस सम्मान के महत्व की जानकारी भी दी।
मुलाकात के दौरान दीपक शर्मा ने छत्तीसगढ़ के महत्वपूर्ण राज्यमार्ग क्रमांक 20 सिमगा-तिल्दा नेवरा-खरोरा-आरंग मार्ग के विकास का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि करीब 70 किलोमीटर लंबा यह मार्ग क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और पांच राष्ट्रीय राजमार्गों को जोड़ने वाले कनेक्टिंग मार्ग के रूप में उपयोग होता है।
दीपक शर्मा ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि अलग-अलग मार्गों पर यातायात दबाव बढ़ने के कारण वाहन चालक इस सड़क का रूट चेंज के रूप में भी बड़े पैमाने पर उपयोग करते हैं। इसके चलते राज्यमार्ग क्रमांक 20 पर लगातार भारी यातायात का दबाव बना रहता है। वर्तमान यातायात को देखते हुए इस मार्ग का चौड़ीकरण और बेहतर अधोसंरचना विकास समय की आवश्यकता बन गया है।
उन्होंने मांग रखी कि सिमगा-तिल्दा नेवरा-खरोरा-आरंग मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण कनेक्टिंग मार्ग के रूप में विकसित किया जाए। साथ ही केंद्रीय सड़क एवं इंफ्रास्ट्रक्चर निधि यानी CRIF के माध्यम से इस पूरे मार्ग का चार लेन निर्माण कराया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुगम हो सके और क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।
दीपक शर्मा की मांग पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए मौके पर ही भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण यानी NHAI के संबंधित अधिकारियों को बुलाया और मामले में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान मार्ग के महत्व और यातायात दबाव को देखते हुए आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई।
इस मुलाकात को क्षेत्र की सड़क अधोसंरचना के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यदि राज्यमार्ग क्रमांक 20 को चार लेन के रूप में विकसित किया जाता है, तो सिमगा, तिल्दा नेवरा, खरोरा और आरंग सहित आसपास के क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों के बीच आवागमन भी अधिक सुगम हो सकता है।
मुलाकात के दौरान भारतीय जनता पार्टी तिल्दा नेवरा शहर उपाध्यक्ष सौरभ जैन भी उपस्थित रहे। दीपक शर्मा ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष क्षेत्र की सड़क संबंधी आवश्यकताओं को प्रमुखता से रखते हुए विकास कार्यों को गति देने की मांग की।