UNITED NEWS OF ASIA. अशोक मिश्रा, तिल्दा नेवरा l रायपुर ग्रामीण के तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों, आदतन अपराधियों और झगड़ालू व्यक्तियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत 30 अगस्त 2026 को पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थानों पर धारदार चाकू लहराकर लोगों में भय और दहशत का वातावरण उत्पन्न करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही 10 आदतन अपराधियों के खिलाफ बाण्ड ओवर की कार्रवाई तथा 15 झगड़ालू व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
पहले मामले में नेवरा स्थित बीएनबी स्कूल के पास धनराज जोशी उर्फ गोलू पिता चन्द्रभान जोशी, उम्र 19 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 14 नेवरा को सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लहराकर लोगों को डराते-धमकाते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद कर जप्त किया। आरोपी के खिलाफ थाना तिल्दा-नेवरा में अपराध क्रमांक 371/2026 के तहत धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट में अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
दूसरे मामले में तिल्दा-खरोरा मुख्य मार्ग पर तुलसी वेलकम-2 के सामने मेन रोड पर चन्द्रहास टंडन पिता राजेन्द्र टंडन, उम्र 19 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 14 नेवरा को टीवीएस मोटरसाइकिल पर बैठकर धारदार चाकू लहराते हुए दहशत फैलाने के दौरान पकड़ा गया। उसके कब्जे से भी एक धारदार चाकू बरामद कर जप्त किया गया। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 372/2026 के तहत धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने क्षेत्र में लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने वाले 10 आदतन अपराधियों को भी चिन्हांकित किया। इनके विरुद्ध धारा 129 BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए सभी को एसडीएम न्यायालय तिल्दा-नेवरा के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय में नियमानुसार बाण्ड ओवर की कार्रवाई की गई।
इसके अलावा क्षेत्र में विवाद, मारपीट और झगड़े की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उद्देश्य से 15 झगड़ालू व्यक्तियों को चिन्हांकित किया गया। इनके विरुद्ध धारा 126 और 135(3) BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
तिल्दा-नेवरा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने, आम लोगों में भय उत्पन्न करने और शांति व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों और आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी बनाए रखते हुए क्षेत्र में शांति और सुरक्षा कायम रखने के लिए प्रतिबंधात्मक एवं कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रखी जाएगी।