उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में कवर्धा में युवा विकास की नई इबारत, दो वर्षों में धरातल पर उतरीं महत्वाकांक्षी योजनाएं

उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा के दो वर्षों के प्रयासों से कवर्धा में शिक्षा, खेल और युवा सशक्तिकरण के क्षेत्र में व्यापक बदलाव दिखाई दे रहे हैं। नालंदा परिसर, भोरमदेव विद्यापीठ, स्मार्ट क्लासरूम, मिनी स्टेडियम और एसआई भर्ती परिणामों ने जिले के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखी है।

Dec 7, 2025 - 17:07
 0  30
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में कवर्धा में युवा विकास की नई इबारत, दो वर्षों में धरातल पर उतरीं महत्वाकांक्षी योजनाएं

 UNITED NEWS OF ASIA. उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा के बीते दो वर्षों के कार्यकाल में कवर्धा जिले में युवाओं के सर्वांगीण विकास को लेकर एक नई सोच और ठोस क्रियान्वयन देखने को मिला है। शिक्षा, खेल और कौशल विकास को केंद्र में रखकर चलाई जा रही योजनाएं अब कागजों से निकलकर धरातल पर उतरती नजर आ रही हैं, जिससे युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत बुनियाद तैयार हो रही है।

आधुनिक सुविधाओं से युक्त नालंदा परिसर का निर्माण, स्मार्ट क्लासरूम की स्थापना, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भोरमदेव विद्यापीठ का संचालन, ग्रामीण अंचलों में मिनी स्टेडियमों का निर्माण और एसआई भर्ती परीक्षा के लंबे समय से लंबित परिणामों का जारी होना इन प्रयासों के प्रमुख उदाहरण हैं।

 लगभग 4 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से बन रहा नालंदा परिसर आने वाले समय में छात्रों के लिए उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का प्रमुख केंद्र बनेगा, जहां उन्नत लाइब्रेरी, डिजिटल संसाधन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित अध्ययन सामग्री उपलब्ध होगी। वहीं खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के कई ग्रामों में मिनी स्टेडियमों का निर्माण किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रशिक्षण और अभ्यास का बेहतर मंच मिलेगा और वे राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकेंगी।

 भोरमदेव विद्यापीठ के माध्यम से हर वर्ष लगभग 200 प्रतिभावान युवाओं को सीजी पीएससी एवं सीजी व्यापम जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कराई जा रही है, जिससे संसाधनों के अभाव में पिछड़ने वाले ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को नई दिशा मिल रही है। अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन, सटीक रणनीति और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री से यहां के विद्यार्थी आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहे हैं। शिक्षा के आधुनिकीकरण की दिशा में कवर्धा विधानसभा के 50 सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम स्थापित कर डिजिटल शिक्षा की राह खोली गई है |

जिससे बच्चों को तकनीक आधारित रोचक और प्रभावी शिक्षण का लाभ मिल रहा है। इसके साथ ही छह वर्षों से लंबित 975 पदों वाली एसआई भर्ती परीक्षा प्रक्रिया को आगे बढ़ाकर परिणाम जारी करना युवाओं के लिए बड़ी सौगात साबित हुआ, जिसमें कबीरधाम जिले के 40 युवाओं का चयन होना पूरे जिले के लिए गर्व का विषय बना है।

उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में सुदूर वनांचल झलमला में नए कॉलेज की प्रक्रिया अंतिम चरण में है, जबकि कवर्धा पीजी कॉलेज के विस्तार से विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं और अधिक विषयों में अध्ययन का अवसर मिल सकेगा। कुल मिलाकर उप मुख्यमंत्री  विजय शर्मा के नेतृत्व में कवर्धा में बीते दो वर्षों में किए गए ये प्रयास न केवल वर्तमान पीढ़ी बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी आशा, अवसर और आत्मनिर्भरता का सशक्त आधार तैयार कर रहे हैं।