वीर शिवाजी वार्ड में 40 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण, नागरिकों ने लिया स्वच्छता का संकल्प

रायपुर पश्चिम विधानसभा के वीर शिवाजी वार्ड में करीब 40 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया। इस दौरान विधायक राजेश मूणत और महापौर मीनल चौबे की मौजूदगी में नागरिकों ने स्वच्छता की शपथ लेते हुए नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने का संकल्प लिया।

Jul 21, 2026 - 13:04
 0  3
वीर शिवाजी वार्ड में 40 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण, नागरिकों ने लिया स्वच्छता का संकल्प

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के वीर शिवाजी वार्ड क्रमांक-16 में विकास कार्यों और जनजागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला। क्षेत्र में लगभग 40 लाख रुपये की लागत से विभिन्न जनहितैषी विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। इसके साथ ही नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जनसंकल्प कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।

कार्यक्रम में विधायक राजेश मूणत, महापौर मीनल चौबे, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। इस अवसर पर गायत्री प्रज्ञा पीठ में अतिरिक्त कक्ष निर्माण, खमतराई बाजार स्थित आंगनबाड़ी भवन और प्रथम तल पर जिम भवन निर्माण तथा सतनाम भवन के समीप ग्रंथालय एवं योग कक्ष निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया।

इन विकास कार्यों से क्षेत्र में शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, खेल और सामाजिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई गई। कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को यह संदेश भी दिया गया कि आधारभूत सुविधाओं का विकास तभी सार्थक होगा, जब लोग स्वच्छता और सार्वजनिक संपत्तियों के संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।

कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण क्षण तब आया, जब गायत्री मंदिर परिसर में मौजूद सैकड़ों नागरिकों ने सामूहिक रूप से स्वच्छता की शपथ ली। सभी ने संकल्प लिया कि वे अपने घरों का कचरा नालियों, सड़कों या सार्वजनिक स्थानों पर नहीं फेंकेंगे, बल्कि नगर निगम की डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था का उपयोग करेंगे। साथ ही अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का वचन दिया।

इस अवसर पर विधायक राजेश मूणत ने कहा कि विकास केवल भवनों और सड़कों के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों में जिम्मेदारी और जागरूकता का भाव विकसित करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि लोग घरों का कचरा नालियों में डालेंगे तो जलभराव, गंदगी और बीमारियों की समस्या कभी समाप्त नहीं होगी। इसलिए प्रत्येक नागरिक को स्वच्छता को अपनी आदत बनाना होगा।

उन्होंने कहा कि रायपुर पश्चिम में विकास कार्यों के साथ-साथ जनजागरूकता अभियान भी लगातार चलाए जाएंगे, क्योंकि जनभागीदारी के बिना कोई भी विकास स्थायी नहीं हो सकता। उन्होंने नागरिकों से नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था का सहयोग करने और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

महापौर मीनल चौबे ने भी नागरिकों से स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा घर-घर कचरा संग्रहण की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है, जिसका सभी नागरिकों को जिम्मेदारी के साथ उपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नालियों में फेंका गया कचरा केवल जल निकासी व्यवस्था को प्रभावित नहीं करता, बल्कि पूरे शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर नकारात्मक असर डालता है।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित नागरिकों ने स्वच्छता का संकल्प दोहराते हुए अपने घर, मोहल्ले और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का वचन दिया। आयोजकों ने विश्वास जताया कि विकास कार्यों के साथ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रायपुर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।