रतलाम पुलिस का बड़ा एक्शन: साधु बनकर 5 साल से फरार ट्रैक्टर चोर गिरफ्तार, इंदौर से दबोचा
रतलाम पुलिस ने 5 वर्षों से फरार ट्रैक्टर चोरी के आरोपी को इंदौर से गिरफ्तार किया। आरोपी साधु का वेश धारण कर पहचान छुपा रहा था।
UNITED NEWS OF ASIA. राजेश पुरोहित, रतलाम l रतलाम पुलिस ने फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 5 वर्षों से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो साधु का वेश धारण कर अपनी पहचान छुपाकर विभिन्न स्थानों पर रह रहा था। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने यह कार्रवाई की।
दरअसल मामला वर्ष 2022 का है, जब फरियादी आफताब अब्बासी निवासी पीएनटी कॉलोनी ने आयशर ट्रैक्टर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर थाना औद्योगिक क्षेत्र में अपराध क्रमांक 558/2022 धारा 379, 411 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान एक आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुका था, जबकि मुख्य आरोपी विक्रम उर्फ विष्णु महाराज फरार था।
पुलिस ने आरोपी पर ₹2,000 का इनाम घोषित कर साइबर सेल एवं मुखबिर तंत्र की मदद से लगातार तलाश जारी रखी। जांच में सामने आया कि आरोपी साधु का वेश बनाकर मंदिरों में रह रहा था और लगातार स्थान बदल रहा था। आखिरकार विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे इंदौर से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी विक्रम (41) भीलवाड़ा, राजस्थान का निवासी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सत्येन्द्र रघुवंशी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।