नाचने के विवाद में युवक की हत्या, 03 आरोपी व 03 विधि से संघर्षरत बालक गिरफ्तार

गुरु घासीदास जयंती शोभायात्रा के दौरान नाचने को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले में रायपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 03 आरोपियों और 03 विधि के साथ संघर्षरत बालकों सहित कुल 06 लोगों को गिरफ्तार किया है।

Dec 21, 2025 - 11:34
 0  25
नाचने के विवाद में युवक की हत्या, 03 आरोपी व 03 विधि से संघर्षरत बालक गिरफ्तार

 UNITED NEWS OF ASIA.हसिब अख्तर, रायपुर। गुरु घासीदास जयंती पर्व के अवसर पर निकाली गई शोभायात्रा के दौरान नाचने की बात को लेकर हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। इस सनसनीखेज हत्या के मामले में रायपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर 03 आरोपियों एवं विधि के साथ संघर्षरत 03 बालकों सहित कुल 06 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट और थाना पंडरी पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

घटना दिनांक 18 दिसंबर 2025 की है। मृतक दिनेश निषाद उम्र 18 वर्ष, निवासी मोवा तालाब पार थाना पंडरी, अपने साथियों के साथ गुरु घासीदास जयंती की शोभायात्रा में शामिल होकर नृत्य कर रहा था। इसी दौरान बेस्ट च्वाईस मोवा के सामने रात लगभग 9:45 बजे धुमाल के पास भीड़ में नाचने के दौरान धक्का लगने से विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गगन टोडर, तोरण मारकण्डे, राहुल भारती एवं अन्य ने उग्र होकर जान से मारने की नियत से अपने साथ लाए स्टील के पाइप, कड़ा और हाथ-मुक्कों से दिनेश निषाद व उसके साथियों पर हमला कर दिया।

हमले के दौरान आरोपियों ने धारदार वस्तु से दिनेश निषाद के सीने और पीठ में वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल अवस्था में दिनेश को उसके साथी तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान 19 दिसंबर 2025 की सुबह उसकी मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 357/2025 धारा 103, 190, 191 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

हत्या की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने थाना प्रभारी पंडरी और एण्टी क्राईम यूनिट को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, मृतक के साथियों व प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। लगातार दबिश और त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप पुलिस ने 03 आरोपियों और 03 विधि के साथ संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 01 धारदार हथियार, 03 स्टील पाइप और 01 कड़ा जब्त किया गया है। पुलिस ने बताया कि प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।