रायपुर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने सफाई और राजस्व वसूली को प्राथमिकता देने के दिए निर्देश

रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने साप्ताहिक समय-सीमा (टीएल) बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने, राजस्व वसूली के निर्धारित लक्ष्य पूरे करने और नागरिकों की शिकायतों का समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बड़े बकायादारों से नियमानुसार सख्ती से वसूली करने, अवैध नल कनेक्शनों को नियमित करने और 31 दिसंबर 2026 तक चालू वित्त वर्ष का संपत्तिकर पूरा जमा करने वाले करदाताओं को नियमानुसार 4 प्रतिशत छूट का लाभ दिलाने पर जोर दिया। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना और अन्य विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई।

Oct 24, 2026 - 14:40
 0  2
रायपुर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने सफाई और राजस्व वसूली को प्राथमिकता देने के दिए निर्देश

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर नगर पालिक निगम के आयुक्त संबित मिश्रा ने नगर निगम मुख्यालय महात्मा गांधी सदन के तृतीय तल स्थित सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा (टीएल) बैठक लेकर शहर की सफाई व्यवस्था, राजस्व वसूली और विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार, निर्धारित राजस्व लक्ष्य की पूर्ति और नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा जाए।

सफाई व्यवस्था सुधारने पर जोर

आयुक्त संबित मिश्रा ने शहर में सफाई से संबंधित प्राप्त जनशिकायतों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान सफाई कार्य से पहले और बाद की प्रमाणित तस्वीरों का अवलोकन किया गया। उन्होंने सभी जोन कमिश्नरों को सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने और शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ रखने के लिए नियमित निगरानी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना आवश्यक है।

बड़े बकायादारों से होगी नियमानुसार वसूली

बैठक में आयुक्त ने नगर निगम के राजस्व हित को सर्वोपरि रखते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुसार वसूली करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जोन कमिश्नरों और सहायक राजस्व अधिकारियों से बड़े बकायादारों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई कर बकाया राशि वसूलने को कहा।

आयुक्त ने संपत्तिकरदाताओं को राहत देने के साथ राजस्व संग्रह बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि 31 दिसंबर 2026 तक चालू वित्त वर्ष का संपत्तिकर पूर्ण रूप से जमा करने वाले नागरिकों को नियमानुसार निर्धारित 4 प्रतिशत छूट का लाभ अधिक से अधिक संख्या में दिलाया जाए। इसके अलावा नामांतरण से जुड़े प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

अवैध नल कनेक्शन नियमित करने के निर्देश

आयुक्त ने अवैध नल कनेक्शनों को नियमानुसार नियमित करने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे कनेक्शनों को करारोपण में शामिल किया जाए तथा निर्धारित अर्थदंड लेकर नियमानुसार नियमितीकरण किया जाए। संबंधित उपभोक्ताओं से जलकर की वसूली भी प्रक्रिया के अनुसार सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग द्वारा ई-चालान की कार्रवाई की भी समीक्षा की गई।

त्योहारों से पहले शहर की प्रकाश व्यवस्था सुचारु बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने अवैध प्लॉटिंग, अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों से जुड़े मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। समझौते योग्य मामलों में नियमों के अनुसार राजीनामा प्रक्रिया अपनाने तथा राजीनामे के योग्य नहीं पाए जाने वाले मामलों में नियमानुसार निर्माण हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

जनशिकायतों और विकास कार्यों की समीक्षा

आयुक्त संबित मिश्रा ने सीएम हेल्पलाइन, कलेक्टर जनदर्शन, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का समय-सीमा में प्राथमिकता से निराकरण करने को कहा। उन्होंने शहर में वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के लिए अधिक से अधिक स्थानों पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली स्थापित करने और पहले से स्थापित प्रणालियों का उचित रखरखाव सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। आयुक्त ने निर्माण कार्यों में तेजी लाकर उन्हें शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, पंकज के. शर्मा, विनोद पाण्डेय, रवि राही, मुख्य अभियंता संजय बागड़े, अधीक्षण अभियंता इमरान खान, नगर निवेशक आभाष मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जोन कमिश्नर और कर्मचारी उपस्थित रहे।