रायपुर आत्महत्या मामला: कथित सुसाइड वीडियो के बाद पुलिसकर्मी समेत कई लोगों पर लगे प्रताड़ना के आरोप
रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में युवक महेश दास की आत्महत्या के मामले में कथित सुसाइड वीडियो सामने आने के बाद नया मोड़ आ गया है। परिजनों का दावा है कि वीडियो में मृतक ने एक पुलिस आरक्षक समेत कुछ लोगों पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वीडियो की सत्यता सहित सभी आरोपों की पड़ताल की जा रही है।
UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर l राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में युवक महेश दास की आत्महत्या के मामले ने कथित सुसाइड वीडियो सामने आने के बाद नया मोड़ ले लिया है। परिजनों का दावा है कि आत्महत्या से पहले रिकॉर्ड किए गए लगभग 59 सेकंड के वीडियो में मृतक ने अपनी मानसिक परेशानी का जिक्र करते हुए कुछ लोगों पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं।
परिजनों के अनुसार, कथित वीडियो में महेश दास ने खमतराई थाना में पदस्थ आरक्षक प्रदीप सिंह यादव उर्फ बंटी के अलावा मोंगरा दास मानिकपुरी, गोपी दास मानिकपुरी, प्रतिमा मानिकपुरी और गुरप्रीता नामक व्यक्ति का भी उल्लेख किया है। परिवार का आरोप है कि मृतक लंबे समय से मानसिक दबाव और कथित प्रताड़ना का सामना कर रहा था, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया।