लग्जरी कार से घूमकर चेन स्नैचिंग करने वाला अंतर्राज्यीय गिरोह गिरफ्तार, रायपुर में एक दर्जन वारदातों का खुलासा

रायपुर पुलिस ने लग्जरी वाहन में घूम-घूमकर चेन चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 7 महिलाओं और 1 पुरुष सहित 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह द्वारा रायपुर समेत कई राज्यों में वारदातों को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी, सोने की चैन, मोबाइल और एक इनोवा वाहन जब्त किया है।

Apr 11, 2026 - 12:07
 0  2
लग्जरी कार से घूमकर चेन स्नैचिंग करने वाला अंतर्राज्यीय गिरोह गिरफ्तार, रायपुर में एक दर्जन वारदातों का खुलासा

UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर। राजधानी रायपुर में चेन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। डीसीपी (क्राइम एवं साइबर) के निर्देशन में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा डी.डी. नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 7 महिलाओं और 1 पुरुष सहित कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह लग्जरी वाहन में देशभर में घूम-घूमकर भीड़भाड़ वाले स्थानों पर चेन चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह विशेष रूप से बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाता था, जहां लोगों की अधिक आवाजाही होती है। आरोपी बड़ी ही शातिर तरीके से लोगों के गले से सोने की चैन पार कर लेते थे और किसी को भनक तक नहीं लगती थी। रायपुर शहर में ही इस गिरोह ने करीब एक दर्जन चेन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।

मामले का खुलासा उस समय हुआ जब प्रार्थी तरूणेन्द्र वर्मा ने थाना डी.डी. नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी 66 वर्षीय माता निर्मला वर्मा चंगोराभाठा बाजार में सब्जी खरीदने गई थीं। भीड़भाड़ के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके गले से सोने की चैन चोरी कर ली। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की।

घटना की जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में कुछ संदिग्ध महिलाएं पीड़िता के आसपास दिखाई दीं और एक महिला को चेन निकालते हुए भी देखा गया। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और फुटेज के आधार पर आरोपियों का पीछा करना शुरू किया।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी एक चारपहिया वाहन का इस्तेमाल कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने भाठागांव बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर संदिग्ध इनोवा वाहन को पकड़ लिया। वाहन में 7 महिलाएं और 1 पुरुष सवार थे, जो पूछताछ के दौरान पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

आरोपियों ने बताया कि वे रायपुर के सरस्वती नगर, खमतराई, कोतवाली, गोलबाजार और डी.डी. नगर क्षेत्रों में घूम-घूमकर चेन चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। साथ ही उन्होंने गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों में भी इसी तरह की कई घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10,500 रुपये नगद, एक सोने की चैन, एक कटर, चार मोबाइल फोन और एक इनोवा वाहन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 11.30 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चोरी की गई चेन बेचकर मिले पैसों से ही यह लग्जरी वाहन खरीदा था।

गिरफ्तार सभी आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं और मध्यप्रदेश के इंदौर तथा महाराष्ट्र के जलगांव के निवासी हैं। पुलिस अब आरोपियों के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य राज्यों में दर्ज मामलों की भी जांच कर रही है।

रायपुर पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल शहर में हो रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं पर लगाम लगेगी, बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना भी मजबूत होगी।