रायगढ़: घरघोड़ा में झपटमारी और लूटपाट की दो वारदातों का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के घरघोड़ा में झपटमारी और लूटपाट की दो घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने दो आरोपियों सुरेन्द्र चौहान और सुमेष प्रधान को गिरफ्तार किया है, जबकि तीसरा आरोपी समीर महंत उर्फ पप्पू फरार है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया आईफोन और वारदात में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। दोनों घटनाओं में राहगीर से मोबाइल छीनने और ट्रेलर चालक को चाकू दिखाकर मोबाइल व नकदी लूटने के आरोप हैं।

Oct 21, 2026 - 09:19
 0  3
रायगढ़: घरघोड़ा में झपटमारी और लूटपाट की दो वारदातों का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी

UNITED NEWS OF ASIA. महेंद्र अग्रवाल, रायगढ़ l छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में झपटमारी और लूटपाट की दो घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में सुरेन्द्र चौहान और सुमेष प्रधान को गिरफ्तार किया है, जबकि वारदात में शामिल बताया जा रहा तीसरा आरोपी समीर महंत उर्फ पप्पू फरार है। पुलिस ने आरोपियों से लूटा गया आईफोन और वारदात में इस्तेमाल की गई काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में की गई। घरघोड़ा थाना प्रभारी कुमार गौरव और प्रशिक्षु उप निरीक्षक सिद्धांत एरेवार सहित पुलिस टीम ने संदिग्धों की तलाश कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।

रास्ता रोककर युवक से छीना था आईफोन

पहली घटना में ग्राम टेरम निवासी 24 वर्षीय सूरज राठिया ने 18 अक्टूबर को घरघोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के मुताबिक, 13 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे घरघोड़ा-धरमजयगढ़ मार्ग पर बंगाली ढाबे के सामने गतिरोधक के पास काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उसका रास्ता रोका और जेब से आईफोन छीनकर रायगढ़ रोड की ओर फरार हो गए। पुलिस ने अपराध क्रमांक 314/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

ट्रेलर चालक को चाकू दिखाकर लूटने का आरोप

दूसरी घटना में बिहार निवासी ट्रेलर चालक रंजीत कुमार सिंह ने शिकायत दर्ज कराई कि 16 अक्टूबर की रात करीब 2 बजे घरघोड़ा बाईपास स्थित हनुमान ईंट भट्ठे के सामने तीन युवकों ने मोटरसाइकिल से उसके ट्रेलर को ओवरटेक कर रास्ता रोक दिया। आरोप है कि युवकों ने चाकू दिखाकर उसे नीचे उतारा और हाथ-मुक्कों तथा बेल्ट से मारपीट की। इसके बाद रेडमी मोबाइल, मोबाइल कवर में रखे 3,000 रुपये और ड्राइविंग लाइसेंस लूट लिए। पुलिस ने अपराध क्रमांक 315/2026 के तहत संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया।

आईफोन और मोटरसाइकिल बरामद

पुलिस के मुताबिक, संदेहियों से पूछताछ के दौरान सुरेन्द्र चौहान और सुमेष प्रधान ने अपने साथी समीर महंत उर्फ पप्पू के साथ मिलकर वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष पहचान परेड कराई, जिसमें पीड़ितों ने आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने सुरेन्द्र चौहान से कथित वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और सुमेष प्रधान से सफेद रंग का आईफोन बरामद किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने मोबाइल से सिम कार्ड निकालकर फेंक दिया था और उसे बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि राहगीरों और वाहन चालकों को निशाना बनाकर झपटमारी, लूटपाट और मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है तथा दोनों मामलों में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।