लोहारा में पुलिस स्मृति एवं राष्ट्रीय एकता दिवस पर सेमिनार आयोजित, छात्रों को सायबर सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी का दिया संदेश

थाना स. लोहारा, जिला कबीरधाम में पुलिस स्मृति एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पी.एम. श्री स्वामी आत्मानंद हाई स्कूल में सेमिनार का आयोजन हुआ। पुलिस अधिकारियों ने वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और विद्यार्थियों को सायबर ठगी, नशा मुक्ति एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।

Oct 28, 2025 - 16:07
 0  13
लोहारा में पुलिस स्मृति एवं राष्ट्रीय एकता दिवस पर सेमिनार आयोजित, छात्रों को सायबर सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी का दिया संदेश

UNITED NEWS OF ASIA. लोहारा/कबीरधाम। पुलिस स्मृति एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर थाना स. लोहारा में एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पी.एम. श्री स्वामी आत्मानंद हाई स्कूल लोहारा में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और शिक्षकगण उपस्थित रहे।

 

इस कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में, अति. पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल और अनुविभागीय अधिकारी प्रतीक चतुर्वेदी के दिशा-निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा द्वारा वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने शहीदों के पराक्रम, त्याग और बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने आधुनिक भारत की पुलिस व्यवस्था की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को सायबर अपराधों से बचाव की विस्तृत जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि ठग किस प्रकार लॉटरी, मोबाइल टावर, ऑनलाइन नौकरी, केवाईसी अपडेट, ओटीपी, प्रोसेसिंग चार्ज, और सोशल मीडिया धमकी जैसे झांसे देकर ठगी करते हैं। छात्रों को सलाह दी गई कि किसी भी संदिग्ध कॉल या लिंक पर विश्वास न करें और ऐसी घटनाओं की तत्काल सूचना पुलिस को दें।

 

थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि नशीली पदार्थों का सेवन युवाओं के भविष्य को नष्ट करता है, अतः सभी छात्र ऐसे तत्वों से दूर रहें और यदि किसी व्यक्ति द्वारा नशे का व्यापार किया जा रहा हो तो इसकी जानकारी मोबाइल नंबर 9479192416 पर तुरंत दें।

कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी अजय बागड़े, शिवचरण पटेल, संस्था प्रमुख एम.एल. तुरकेले सहित स्कूल स्टाफ और पुलिस जवान मौजूद रहे।
छात्रों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने, और सड़क पर सजगता बनाए रखने का संदेश दिया गया।

 

यह सेमिनार न केवल शहीद पुलिसकर्मियों के सम्मान का प्रतीक बना बल्कि समाज में सुरक्षा, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करने का माध्यम सिद्ध हुआ।
लोहारा पुलिस का यह प्रयास क्षेत्र में युवाओं में सकारात्मक सोच और जागरूक नागरिकता के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।