प्रधानमंत्री मोदी बोले – डॉ. रमन सिंह लोकतंत्र को सशक्त बनाने का जीवंत उदाहरण

नवा रायपुर में नए विधानसभा भवन के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह एक सच्चे कार्यकर्ता के रूप में लोकतंत्र को सशक्त बनाने का जीता-जागता उदाहरण हैं। पीएम मोदी ने क्रिकेट का उदाहरण देते हुए कहा कि रमन सिंह जैसे नेता राजनीति में दुर्लभ हैं, जो पद से ऊपर उठकर सेवा की भावना से कार्य करते हैं।

Nov 1, 2025 - 16:16
 0  19
प्रधानमंत्री मोदी बोले – डॉ. रमन सिंह लोकतंत्र को सशक्त बनाने का जीवंत उदाहरण

UNITED NEWS OF ASIA. नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ की नई विधानसभा भवन के भव्य उद्घाटन समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की खुलकर प्रशंसा की। प्रधानमंत्री ने कहा कि डॉ. सिंह इस बात का सजीव उदाहरण हैं कि एक सच्चा कार्यकर्ता अपने परिश्रम, समर्पण और कर्मनिष्ठा से लोकतंत्र को कितना सशक्त बना सकता है।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “रमन सिंह इस बात का बहुत बड़ा उदाहरण हैं कि एक कार्यकर्ता अपने परिश्रम और समर्पण भाव से लोकतांत्रिक व्यवस्था को कितना सशक्त बना सकता है।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि डॉ. सिंह ने सदैव जनसेवा को अपना ध्येय बनाया और छत्तीसगढ़ के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

पीएम मोदी ने हल्के-फुल्के अंदाज़ में क्रिकेट का उदाहरण देते हुए कहा, “क्रिकेट में हम देखते हैं कि जो कभी कप्तान होते हैं, वे टीम में खिलाड़ी बनकर भी खेलते हैं, लेकिन राजनीति में ऐसा कम होता है। डॉ. रमन सिंह इस दुर्लभ उदाहरण को प्रस्तुत करते हैं। जो कभी कैप्टन हुआ करते थे, वो आज कार्यकर्ता की तरह सेवा में जुटे हुए हैं। वो हर कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा हैं।”

प्रधानमंत्री मोदी के इस वक्तव्य के दौरान समारोह स्थल तालियों से गूंज उठा। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने डॉ. रमन सिंह के प्रति सम्मान व्यक्त किया। यह अवसर न केवल नए विधानसभा भवन के उद्घाटन का था, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण की भावना को भी सशक्त करने वाला क्षण बन गया।