पीएम मोदी ने जियोर्जिया मेलोनी को दी बधाई, इटली की सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने का बनाया रिकॉर्ड
इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने लगातार 1,413 दिन सत्ता में रहकर देश के गणराज्य बनने के बाद सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाया है। इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी और भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में मेलोनी की भूमिका की सराहना की। मेलोनी ने भी अपनी सरकार की उपलब्धियों और राजनीतिक स्थिरता को लेकर प्रतिक्रिया दी है।
UNITED NEWS OF ASIA. इटली l इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने देश की राजनीति में एक नया रिकॉर्ड कायम किया है। मेलोनी की सरकार ने लगातार 1,413 दिन सत्ता में रहकर 1946 में इटली गणराज्य बनने के बाद किसी एक कैबिनेट के सबसे लंबे लगातार कार्यकाल का रिकॉर्ड बनाया है। इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जियोर्जिया मेलोनी को बधाई दी और उनके नेतृत्व में इटली की जनता के भरोसे की सराहना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मेलोनी को बधाई देते हुए कहा कि इटली के युद्ध के बाद के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने की उपलब्धि हासिल करने पर उनकी दोस्त जियोर्जिया मेलोनी को बधाई। उन्होंने कहा कि यह मील का पत्थर इटली के लोगों के उनकी नेतृत्व क्षमता पर भरोसे और विश्वास को दर्शाता है। पीएम मोदी ने भारत और इटली के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में मेलोनी की भूमिका का भी उल्लेख किया।
मोदी ने अपने संदेश में भारत और इटली के बीच करीबी सहयोग जारी रखने की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के लोगों के लिए बेहतर और खुशहाल भविष्य बनाने की दिशा में साथ मिलकर काम किया जाना महत्वपूर्ण है। साथ ही प्रधानमंत्री ने मेलोनी के आने वाले वर्षों में लगातार सफलता की कामना की।
जियोर्जिया मेलोनी ने 22 अक्टूबर 2022 को इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में पद संभाला था। वह दक्षिणपंथी राजनीतिक दल ब्रदर्स ऑफ इटली की प्रमुख भी हैं। 1,413 दिन का लगातार कार्यकाल पूरा करने के साथ उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी की दूसरी सरकार का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। बर्लुस्कोनी की दूसरी कैबिनेट 2001 से 2005 के बीच 1,412 दिन तक सत्ता में रही थी।
इस राजनीतिक उपलब्धि के बाद मेलोनी की पार्टी ब्रदर्स ऑफ इटली की ओर से दक्षिणी शहर बारी में एक बड़ी रैली का आयोजन किया गया। इसमें हजारों समर्थकों के शामिल होने की उम्मीद जताई गई। मेलोनी ने इस मौके पर अपनी सरकार के लंबे कार्यकाल को राजनीतिक स्थिरता से जोड़ते हुए कहा कि स्थिरता केवल रिकॉर्ड बनाने का विषय नहीं है, बल्कि इससे किसी देश को योजनाएं बनाने, फैसले लेने और अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने का अवसर मिलता है।
मेलोनी ने अपनी सरकार के कार्यकाल के दौरान रोजगार बढ़ाने, बेरोजगारी कम करने, परिवारों और कारोबार को समर्थन देने, सुरक्षा मजबूत करने और सार्वजनिक वित्त के प्रबंधन सहित कई क्षेत्रों में काम करने का दावा किया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इटली की स्थिति और विश्वसनीयता मजबूत करने की दिशा में भी अपनी सरकार के प्रयासों का उल्लेख किया।
मेलोनी ने यह भी कहा कि उनकी सरकार की स्थिरता किसी एक व्यक्ति की क्षमता का परिणाम नहीं है। उनके मुताबिक यह एकजुट गठबंधन का नतीजा है, जिसने एक समान दृष्टिकोण के साथ सरकार चलाने का फैसला किया। उन्होंने माना कि उपलब्धियों के बावजूद अभी कई काम किए जाने बाकी हैं। भारत और इटली के बीच बढ़ते सहयोग के बीच पीएम मोदी की यह बधाई दोनों देशों के बीच राजनीतिक और रणनीतिक संबंधों की अहमियत को भी रेखांकित करती है।