ऑपरेशन निश्चय के तहत तिल्दा-नेवरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गांजा और अवैध शराब के साथ दो महिलाएं गिरफ्तार

तिल्दा-नेवरा पुलिस ने ऑपरेशन निश्चय के तहत अवैध मादक पदार्थ और शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 2 किलो 555 ग्राम गांजा, 86 पौवा अवैध शराब और बिक्री की नगदी समेत 1.35 लाख रुपये से अधिक की सामग्री जब्त की है।

Sep 2, 2026 - 18:58
 0  19
ऑपरेशन निश्चय के तहत तिल्दा-नेवरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गांजा और अवैध शराब के साथ दो महिलाएं गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA.  अशोक मिश्रा,  तिल्दा-नेवरा l अवैध मादक पदार्थों और अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत तिल्दा-नेवरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग दो मामलों में दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 किलो 555 ग्राम गांजा, 86 पौवा अवैध शराब और शराब बिक्री की नगदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 35 हजार 30 रुपये से अधिक है। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

पहले मामले में तिल्दा-नेवरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एफसीआई गोदाम के पास एक महिला अवैध गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान महिला के पास मौजूद थैले से 2 किलो 555 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस ने गांजा जब्त करने के बाद आरोपी महिला राखी देवार, पति तूफान देवार, उम्र 40 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 15, केशरवानी भवन के पास, तिल्दा के खिलाफ अपराध क्रमांक 377/2026 दर्ज किया। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेजा गया।

दूसरी कार्रवाई वार्ड क्रमांक 15 स्थित दलाल तालाब क्षेत्र में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला अवैध रूप से शराब रखकर उसकी बिक्री कर रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और आरोपी महिला चुनिया देवार को पकड़ा। पुलिस के अनुसार उसके कब्जे से 86 पौवा अवैध शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत 9 हजार 580 रुपये बताई गई। इसके साथ ही शराब बिक्री से प्राप्त 450 रुपये की नगदी भी जब्त की गई। इस मामले में कुल 10 हजार 30 रुपये की सामग्री जब्त की गई।

आरोपी चुनिया देवार, पति युवराज देवार, उम्र 20 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 15, देवारपारा, दलाल तालाब पार, तिल्दा के खिलाफ अपराध क्रमांक 376/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।

पुलिस के अनुसार ऑपरेशन निश्चय के तहत क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों और शराब के परिवहन, भंडारण तथा बिक्री के खिलाफ लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर वैधानिक कार्रवाई करने के साथ संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रायपुर श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चंचल तिवारी और अनुविभागीय पुलिस अधिकारी विधानसभा वीरेन्द्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी तिल्दा-नेवरा निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई में सउनि अमिला नाग, पीएसआई रानू साहू, प्रधान आरक्षक जालम साहू, आरक्षक किशोर शर्मा, बलराम निराला, संदीप सिंह, महेन्द्र वर्मा तथा महिला आरक्षक रामकुमारी पटेल और पूजा वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।