मासुल में नलों से पानी नहीं, निकल रही सिसकारी: टुल्लू पंप से गहराया पेयजल संकट
ग्राम पंचायत कुथरेल के आश्रित ग्राम मासुल में नल-जल योजना पर टुल्लू पंप का कब्जा होने से पेयजल संकट गहरा गया है। कुछ लोगों द्वारा पाइपलाइन में टुल्लू पंप लगाकर पानी खींचने से बाकी घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा। ग्रामीणों की शिकायत के बाद सरपंच ने सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
UNITED NEWS OF ASIA. लीलाधर साहू,गुण्डरदेही। भीषण गर्मी के इस दौर में जहां लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं, वहीं कुछ लोगों की लापरवाही और स्वार्थ के कारण पूरे गांव में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। मामला ग्राम पंचायत कुथरेल के आश्रित ग्राम मासुल का है, जहां नल-जल योजना के पाइपलाइन कनेक्शन पर टुल्लू पंप लगाए जाने से पूरे वार्ड के लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई घरों में नल-जल पाइपलाइन से सीधे टुल्लू पंप जोड़ दिए गए हैं। इन पंपों की मदद से लोग तेजी से पानी खींचकर अपने बड़े-बड़े ड्रम, टंकियां और सेल्टेक्स भर लेते हैं। इससे पाइपलाइन का प्रेशर पूरी तरह खत्म हो जाता है और बाकी घरों के नलों से पानी की जगह सिर्फ हवा निकलती है। गर्मी के मौसम में इस समस्या ने ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ा दी है।
गांव के लोगों का कहना है कि पंचायत द्वारा हर महीने नल-जल कनेक्शन का टैक्स नियमित रूप से लिया जाता है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा। कई परिवारों को रोजमर्रा के कामों के लिए भी पानी जुटाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं और बुजुर्गों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ प्रभावशाली लोग नियमों को ताक पर रखकर पानी की खुली चोरी कर रहे हैं। इससे गरीब और सामान्य परिवारों के हिस्से का पानी भी खत्म हो जा रहा है। लोगों ने पंचायत से मांग की है कि जिन घरों में टुल्लू पंप लगे हैं, उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए और नल-जल कनेक्शन काटे जाएं ताकि सभी को बराबर पानी मिल सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्राम पंचायत कुथरेल की सरपंच पेमिन दीपक साहू ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि पेयजल योजना पूरे गांव के लिए है, किसी एक व्यक्ति के लिए नहीं। यदि किसी घर में टुल्लू पंप लगाया गया पाया गया तो संबंधित परिवार को पहले नोटिस जारी किया जाएगा। इसके बाद भी यदि पंप नहीं हटाया गया तो मशीन जब्त कर ली जाएगी और संबंधित नल-जल कनेक्शन स्थायी रूप से बंद कर दिया जाएगा।
सरपंच ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि पानी की हर बूंद कीमती है। गर्मी के इस मौसम में पानी बचाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से कहा कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति टुल्लू पंप लगाकर पानी खींच रहा है तो इसकी सूचना तुरंत पंचायत को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
गांव में बढ़ते जल संकट को लेकर अब पंचायत भी सक्रिय हो गई है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन और पंचायत की सख्ती से पानी की बर्बादी रुकेगी और सभी घरों तक समान रूप से पेयजल पहुंच सकेगा।