महासमुंद में एंटी नारकोटिक्स की बड़ी कार्रवाई: 47 किलो गांजा जब्त, 59 लाख से अधिक की संपत्ति सीज

महासमुंद जिले में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और कोमाखान पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में 47.300 किलो गांजा जब्त किया है। उड़ीसा से छत्तीसगढ़ लाए जा रहे इस अवैध मादक पदार्थ के साथ 59 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति भी बरामद की गई।

Apr 21, 2026 - 13:10
 0  3
महासमुंद में एंटी नारकोटिक्स की बड़ी कार्रवाई: 47 किलो गांजा जब्त, 59 लाख से अधिक की संपत्ति सीज

UNITED  NEWS OF ASIA. जगदीश पटेल, सरायपाली l  महासमुंद जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना कोमाखान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने 47.300 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 23 लाख 65 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त वाहन और अन्य सामग्री सहित कुल 59 लाख 51 हजार रुपये की संपत्ति भी जब्त की गई है।

पुलिस को 19 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की अशोक लीलैंड ट्रक (क्रमांक CG 04 QS 4806) में कुछ लोग उड़ीसा से अवैध गांजा लेकर छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर कार्रवाई शुरू की। कुछ ही देर में बताए गए हुलिये का वाहन ओडिशा के खरियार रोड की ओर से आता दिखाई दिया, जिसे रोककर जांच की गई।

तलाशी के दौरान ट्रक के सीट के नीचे बनाए गए विशेष चेम्बर में तीन प्लास्टिक बोरियों में गांजा छुपाकर रखा गया था। गवाहों की मौजूदगी में बरामद इस गांजे का कुल वजन 47.300 किलोग्राम निकला। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह गांजा उड़ीसा के कालाहांडी क्षेत्र से लाकर मुंगेली में खपाने की योजना थी।

इस मामले में पुलिस ने परिवहनकर्ता मोहम्मद मिराज (25 वर्ष) और रोहित पोंड (21 वर्ष) सहित कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों के खिलाफ भी विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। जांच के दौरान सामने आए फॉरवर्ड लिंक के आधार पर मुंगेली निवासी दीपक साहू को भी गिरफ्तार किया गया है, जो इस गांजे की खेप का रिसीवर था।

आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के सोर्स और डेस्टिनेशन पॉइंट्स तक पहुंचने के लिए एंड-टू-एंड जांच कर रही है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक अशोक लीलैंड ट्रक (कीमत लगभग 30 लाख रुपये), एक डिजायर कार (5 लाख रुपये), चार मोबाइल फोन, 45 हजार रुपये नकद सहित कुल 59.51 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पिछले तीन महीनों में जिले में 74 मामलों में कुल 5685 किलो से अधिक गांजा जब्त किया गया है और 192 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें 51 आरोपी छत्तीसगढ़ के हैं, जबकि 141 अन्य राज्यों से संबंधित हैं।

यह कार्रवाई दर्शाती है कि पुलिस मादक पदार्थों के खिलाफ सख्ती से अभियान चला रही है और तस्करी के पूरे नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत है।