रायपुर में 25-26 जुलाई को लायन्स डिस्ट्रिक्ट 3233-C का शपथ ग्रहण समारोह, 400 प्रतिनिधि होंगे शामिल

रायपुर में 25 और 26 जुलाई को लायन्स क्लब इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3233-C का शपथ ग्रहण समारोह एवं प्रथम कैबिनेट बैठक आयोजित होगी। देशभर से वरिष्ठ पदाधिकारी और लगभग 400 प्रतिनिधि इसमें शामिल होंगे। आयोजन के दौरान प्रशिक्षण सत्र, स्वास्थ्य शिविर और कई सामाजिक सेवा परियोजनाओं का शुभारंभ भी किया जाएगा।

Jul 23, 2026 - 13:21
 0  2
रायपुर में 25-26 जुलाई को लायन्स डिस्ट्रिक्ट 3233-C का शपथ ग्रहण समारोह, 400 प्रतिनिधि होंगे शामिल

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l लायन्स क्लब इंटरनेशनल के डिस्ट्रिक्ट 3233-C के सत्र 2026-27 के लिए गठित नई डिस्ट्रिक्ट कैबिनेट का भव्य शपथ ग्रहण समारोह और प्रथम कैबिनेट बैठक 25 एवं 26 जुलाई को रायपुर के होटल बेबीलॉन कैपिटल में आयोजित की जाएगी। दो दिवसीय इस आयोजन में देशभर से लायन्स क्लब के वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े सदस्य भाग लेंगे।

इस सत्र में रिपुदमन पुसरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में कार्यभार संभालेंगे। पवन मलिक प्रथम वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर, अनिल अग्रवाल द्वितीय वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर तथा विजय अग्रवाल निवर्तमान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर की भूमिका में रहेंगे। समारोह में नई डिस्ट्रिक्ट कैबिनेट, रीजन चेयरपर्सन, जोन चेयरपर्सन और विभिन्न समितियों के पदाधिकारियों को भी शपथ दिलाई जाएगी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लायन्स क्लब इंटरनेशनल के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष एवं एलसीआईएफ चेयरपर्सन ए.पी. सिंह होंगे। इसके अलावा दिल्ली, कोलकाता, मुंबई, जयपुर, पुणे और इंदौर सहित देश के विभिन्न शहरों से कई वरिष्ठ लायन पदाधिकारी आयोजन में शामिल होकर नेतृत्व विकास, सेवा गतिविधियों और संगठन विस्तार से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन देंगे।

डिस्ट्रिक्ट 3233-C के अंतर्गत छत्तीसगढ़, महाकौशल और विंध्य क्षेत्र के 152 लायन्स क्लब संचालित हैं, जिनमें 3,240 से अधिक सदस्य जुड़े हुए हैं। इस सम्मेलन में लगभग 400 प्रतिनिधियों की भागीदारी रहेगी। दो दिनों तक आयोजित होने वाले प्रशिक्षण सत्रों, कार्यशालाओं और इंटरैक्टिव चर्चा के माध्यम से नेतृत्व विकास, मिशन 1.5, आर्थिक अनुशासन और सेवा परियोजनाओं के प्रभावी संचालन पर विशेष फोकस रहेगा।

आयोजन के दौरान सर्वधर्म समभाव का संदेश देने के लिए विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। मुख्य अतिथि ए.पी. सिंह रायपुर प्रवास के दौरान अवंति विहार स्थित आकांक्षा-लायन्स इंस्टीट्यूट ऑफ लर्निंग एंड एम्पावरमेंट का दौरा करेंगे, जहां मानसिक दिव्यांग बच्चों के आवागमन के लिए लगभग 21 लाख रुपये लागत की 22 सीटर बस का लोकार्पण किया जाएगा।

इसके अलावा मंदिरहसौद रोड स्थित सेवा निकेतन में दिव्यांगजनों के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण, कौशल विकास और पुनर्वास केंद्र का उद्घाटन किया जाएगा। भोजनशाला के संचालन के लिए एक टाटा एस वाहन और 30 क्विंटल खाद्यान्न भी सेवा कार्यों के लिए समर्पित किए जाएंगे। आयोजन स्थल पर मोबाइल कैंसर स्क्रीनिंग वाहन और नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर की व्यवस्था भी रहेगी।

डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रिपुदमन पुसरी ने बताया कि सम्मेलन में प्रतिनिधियों के पंजीयन से प्राप्त संपूर्ण राशि को डिस्ट्रिक्ट की स्थायी सेवा परियोजनाओं और जनकल्याण गतिविधियों पर खर्च किया जाएगा। यह आयोजन सेवा, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति लायन्स क्लब की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा।