कोरबा में नव निर्मित मानस मंदिर का लोकार्पण, 22 से 30 सितंबर तक नौ दिवसीय श्री राम कथा आयोजन

कोरबा में माँ भवानी मंदिर के नव निर्मित मानस मंदिर का लोकार्पण जगतगुरु रामभद्राचार्य जी महाराज ने किया। 22 सितंबर से 30 सितंबर तक नौ दिवसीय श्री राम कथा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें राम जन्म, बाललीला, विवाह और राज्याभिषेक सहित सभी प्रमुख प्रसंग सुनाए जाएंगे। समारोह में कैबिनेट मंत्री लखन देवांगन और महापौर ने गुरुजी का भव्य स्वागत किया।

Sep 24, 2025 - 13:30
 0  33
कोरबा में नव निर्मित मानस मंदिर का लोकार्पण, 22 से 30 सितंबर तक नौ दिवसीय श्री राम कथा आयोजन

UNITED NEWS OF ASIA.अमृतेश्वर सिंह, कोरबा। परम सौभाग्य की बात है कि जगतगुरु रामभद्राचार्य जी महाराज ने 16 साल पूर्व माँ भवानी मंदिर की माता जी ज्योति पांडेय को माता कौशल्या की गोद में बालस्वरूप श्रीराम का मंदिर बनाने का उपदेश दिया था। माता जी ने इस प्रेरणा के अनुसार 15 वर्षों में कोरबा में भव्य मानस मंदिर का निर्माण करवाया। मंदिर की चारों दीवारों पर रामचरित मानस अंकित है।

आज नवरात्रि के पावन अवसर पर जगतगुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी ने मंदिर का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर राम कथा का आयोजन 22 सितंबर से 30 सितंबर तक किया जाएगा।

पहले दिन यानी 22 सितंबर को मां सर्वमंगला मंदिर में पूजा-अर्चना के पश्चात दोपहर 3 बजे कार और बाइक रैली निकाली गई, जो पावर हाउस रोड, टीपीनगर चौक, सीएसईबी चौक होते हुए भवानी मंदिर पहुँची। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री लखन देवांगन और महापौर ने गुरुजी का पुष्पहार से स्वागत किया।

नौ दिवसीय श्री राम कथा का विवरण:

  • 22 सितंबर: श्री राम कथा की महिमा

  • 23 सितंबर: भगवान शिव-पार्वती विवाह की कथा

  • 24 सितंबर: श्री राम जन्मोत्सव

  • 25 सितंबर: प्रभु श्री राम बाललीला

  • 26 सितंबर: श्री राम-सिया विवाह कथा

  • 27 सितंबर: श्री राम और केवट का प्रसंग

  • 28 सितंबर: श्री राम भरत मिलाप

  • 29 सितंबर: श्री राम सबरी कथा

  • 30 सितंबर: श्री राम राज्याभिषेक एवं कथा का विश्राम

गुरुजी बाल्यकाल से दृष्टिहीन होने के बावजूद अनेक धर्मग्रंथों का अध्ययन और रचना कर चुके हैं। उन्होंने रामजन्म भूमि प्रकरण में सर्वोच्च न्यायालय में ग्रंथों में वर्णित प्रमाण प्रस्तुत कर सबको चकित किया। कोरबा वासी इस अवसर पर राम कथा का श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ उठा सकते हैं।

स्थान एवं कार्यक्रम:

  • स्थान: माँ भवानी मंदिर, दर्री डेम, कोरबा, छत्तीसगढ़

  • कार्यक्रम: नौ दिवसीय श्री राम कथा, 22 सितंबर से 30 सितंबर 2025