गौ-वंश तस्करी पर खैरागढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 आरोपी गिरफ्तार
खैरागढ़ पुलिस ने पशु क्रूरता के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार गौ-वंश तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान सात गौ-वंश को सुरक्षित बरामद किया गया, जबकि तस्करी में प्रयुक्त दो बोलेरो पिकअप वाहन भी जप्त किए गए। कुल जप्ती की कीमत लगभग 15.88 लाख रुपये आंकी गई है।
UNITED NEWS OF ASIA. मनोहर सेन, खैरागढ़ | पशु क्रूरता के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत खैरागढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गौ-वंश तस्करी के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए सात गौ-वंश को सुरक्षित बरामद किया है। तस्करी में प्रयुक्त दो बोलेरो पिकअप वाहनों को भी जप्त किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 दिसंबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिलने पर धरमपुरा पुल के पास नाकाबंदी की गई। इस दौरान खैरागढ़–लांजी मार्ग से आ रहे दो बोलेरो वाहनों को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहनों में 03 भैंसा, 03 भैंसी एवं 01 भैंसा पाया गया, जिन्हें बिना चारा-पानी के अमानवीय तरीके से ले जाया जा रहा था।
पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान आरोपी कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर पुलिस ने पशुओं को सुरक्षित कब्जे में लेते हुए दोनों वाहनों को जप्त किया। कार्रवाई में कुल ₹15.88 लाख की संपत्ति जप्त की गई है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध पशु क्रूरता निवारण अधिनियम एवं मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।
खैरागढ़ पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में पशु तस्करी पर एक बड़ी और सख्त पहल के रूप में देखा जा रहा है।