कवर्धा में देवी पंडाल बने जनसमस्या निवारण के केंद्र, विजय शर्मा ने ग्रामीणों को दी विकास कार्यों की सौगात
नवरात्रि के अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के मढ़मढ़ा, मैनपुरी, नेवरीगुड़ा और सूरजपुरा सहित विभिन्न गांवों का दौरा किया। देवी पंडालों में दर्शन-पूजन के साथ उन्होंने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। मढ़मढ़ा, नेवरीगुड़ा और दुल्लापुर में सड़क, सामुदायिक भवन, मुक्तिधाम, यज्ञ स्थल और बाउंड्रीवाल सहित विभिन्न विकास कार्यों की घोषणाएं की गईं।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l नवरात्रि के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के विभिन्न गांवों का दौरा कर देवी दर्शन और जनसंपर्क कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा के पंडालों और मंदिरों में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। साथ ही ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं तथा सड़क, सामुदायिक भवन और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों की घोषणाएं कीं।
मढ़मढ़ा में ग्रामीणों के बीच बैठकर सुनीं समस्याएं
ग्राम मढ़मढ़ा में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने मां दुर्गा के दर्शन किए और देवी पंडाल में ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने दैहान के पास 3 लाख रुपये की लागत से मंच निर्माण और यादव समाज के सामुदायिक भवन में अतिरिक्त कक्ष बनाने के लिए 6.50 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा मुक्तिधाम में शेड निर्माण, पटेल समाज भवन में किचन शेड, वार्ड क्रमांक 9 में 6.50 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण और दैहान के पास एक एचपी क्षमता का बोर स्थापित करने की घोषणा की गई। गांव की सड़कों के विकास के लिए 30 लाख रुपये के श्रममूलक कार्य और 15 लाख रुपये के मुरमीकरण कार्य कराने की भी घोषणा की गई।
मैनपुरी में मां दुर्गा के किए दर्शन
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ग्राम मैनपुरी पहुंचे, जहां उन्होंने दुर्गा पंडाल में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की तथा स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
नेवरीगुड़ा में धार्मिक झांकियों का किया अवलोकन
ग्राम नेवरीगुड़ा में स्थापित मां दुर्गा पंडाल में छत्तीसगढ़ के 36 देवी-देवताओं, देश के 12 ज्योतिर्लिंगों, चारों धाम, अयोध्या के भगवान श्रीराम और भगवान जगन्नाथ की आकर्षक झांकियां सजाई गई हैं। विजय शर्मा ने इन झांकियों का अवलोकन कर पूजा-अर्चना की। ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने सिसरी घाट, मंदिर परिसर में यज्ञ स्थल और मेला स्थल पर सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की।
इसके साथ ही ग्राम दुल्लापुर में 2.60-2.60 लाख रुपये की लागत से दो सीसी सड़कों के निर्माण और शहीद नरेश शर्मा के स्मारक के पास 2 लाख रुपये की लागत से बाउंड्रीवाल बनाने की घोषणा की गई। इन कार्यों का उद्देश्य क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना है।
सूरजपुरा के मां राजोदाई मंदिर में पूजा-अर्चना
अपने प्रवास के दौरान उप मुख्यमंत्री सूरजपुरा स्थित प्रसिद्ध मां राजोदाई मंदिर पहुंचे। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-शांति और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को नवरात्रि की शुभकामनाएं भी दीं।
इस ग्रामीण दौरे के दौरान धार्मिक आयोजनों में सहभागिता के साथ जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों पर जोर दिया गया। देवी पंडालों में ग्रामीणों से सीधे संवाद और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप घोषणाओं के जरिए जनसंपर्क को प्राथमिकता दी गई।