कवर्धा में सभी अधिकारी-कर्मचारियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य, कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने दिए निर्देश
कवर्धा कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने जिला स्तरीय अधिकारियों को सभी अधिकारी-कर्मचारियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। समय-सीमा की बैठक में उन्होंने ई-फाइलिंग, लंबित प्रकरणों, उच्च न्यायालय के मामलों, निर्माण कार्यों और प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत सड़क निर्माण की प्रगति की समीक्षा की।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा l जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने जिले के सभी विभाग प्रमुखों को अपने अधीनस्थ अधिकारी-कर्मचारियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारी सुबह 10 बजे कार्यालय पहुंचने के बाद अपनी बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करें और कार्यालय से प्रस्थान करते समय भी अनिवार्य रूप से उपस्थिति दर्ज कराएं। कलेक्टर ने कार्यालयीन समय का पूरी तरह पालन करने तथा अपने दायित्वों का गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने विभिन्न विभागों के कार्यों और लंबित प्रकरणों की विभागवार विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने राज्य शासन के निर्देशों के अनुरूप शासकीय कार्यों का शत-प्रतिशत ई-फाइलिंग के माध्यम से संपादन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यालयीन कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और सभी प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निराकरण किया जाए। कलेक्टर ने शासन की प्राथमिकताओं और निर्देशों के अनुरूप योजनाओं तथा विकास कार्यों को गति देने के साथ आम नागरिकों से संबंधित मामलों का समय पर समाधान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
कलेक्टर ने विभिन्न विभागों से संबंधित उच्च न्यायालय के प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि उच्च न्यायालय से संबंधित मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्रवाई समय-सीमा में पूरी की जाए। संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जिले में चल रहे अधोसंरचना एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्माण कार्यों से जुड़े अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कवर्धा में अधिकारी-कर्मचारियों के लिए प्रस्तावित ट्रांजिट हॉस्टल निर्माण तथा तरेगांव जंगल में खेल मैदान निर्माण की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने बोड़ला एसडीएम आशुतोष शर्मा को खेल मैदान के लिए उपयुक्त स्थल का चयन करने के निर्देश दिए। इसके अलावा स्कूल और आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण के लिए भी सुविधाजनक स्थान चयनित करने को कहा गया। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि स्थल चयन के दौरान विद्यार्थियों और बच्चों की सुविधा को विशेष प्राथमिकता दी जाए।
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत प्रगतिरत और पूर्ण सड़क निर्माण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कार्यपालन अभियंता को प्रगतिरत कार्यों में तेजी लाकर उन्हें शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ने वाले कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाना चाहिए। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यों की भी समीक्षा हुई। बोड़ला और लालपुर में विभाग के अनुविभागीय कार्यालय स्थापित करने के लिए भूमि आबंटन की प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने आवश्यक कार्रवाई जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर नरेन्द्र पैकरा, रामप्रसाद आचला, सभी एसडीएम, तहसीलदार और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।