बैंक से निकले व्यक्ति से 3.61 लाख की लूट का प्रयास नाकाम, नागरिकों की सतर्कता से आरोपी रकम सहित गिरफ्तार

कवर्धा में स्टेट बैंक शाखा से 3.61 लाख रुपये निकालकर बाहर आए व्यक्ति से लूट का प्रयास किया गया। पीड़ित के शोर मचाने पर आम नागरिकों और ड्यूटी पर तैनात यातायात आरक्षक ने आरोपी का पीछा कर उसे नकदी सहित पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Jul 17, 2026 - 11:44
 0  11
बैंक से निकले व्यक्ति से 3.61 लाख की लूट का प्रयास नाकाम, नागरिकों की सतर्कता से आरोपी रकम सहित गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l विवरण इस प्रकार है कि गौवाराम वर्मा निवासी नाऊडीह आज दर्रीपारा स्थित स्टेट बैंक शाखा, कवर्धा से अपने परिचित रामेश्वर धृतलहरे के साथ रकम निकालने आया था, जो बैंक से 3,61,900 (तीन लाख इकसठ हजार नौ सौ रुपये) की राशि निकालकर बैंक से बाहर निकलकर मोटरसाइकिल की डिक्की मे रकम रख रहा था।  इसी दौरान आरोपी अरमान अली, निवासी बीचपारा, कवर्धा प्रार्थी के साथ छीनाझपटी करते हुए जान से मारने की धमकी देकर नकदी लूटकर भागने लगा।

घटना के तुरंत बाद प्रार्थी ने जोर-जोर से चोर-चोर कहकर शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास मौजूद नागरिक, रामेश्वर धृतलहरे तथा अन्य लोगों ने आरोपी का पीछा कर पुराना नगर पालिका परिसर के पास उसे पकड़ लिया। आरोपी को पकड़ने मे मौके मे ड्यूटीरत यातायात आरक्षक द्वारा भी सराहनीय योगदान दिया गया। इसके बाद आरोपी को थाना कोतवाली पुलिस के सुपुर्द किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियो के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ की गई।

प्रकरण में प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपी अरमान अली, निवासी बीचपारा, कवर्धा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे विधिवत हिरासत में लिया गया है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।

जिला पुलिस कबीरधाम आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अपराध की सूचना तत्काल निकटतम थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें। पुलिस द्वारा प्रत्येक सूचना पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।