बहुप्रतीक्षित गौरव पथ निर्माण का कल होगा भूमिपूजन, कवर्धा को मिलेगी ऐतिहासिक सौगात
कवर्धा शहर में राजनांदगांव बायपास से नवीन बाजार तक बनने वाले बहुप्रतीक्षित गौरव पथ निर्माण का भूमिपूजन कल किया जाएगा। इस परियोजना से यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी और वार्डवासियों का वर्षों पुराना सपना साकार होगा।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा | शहरवासियों के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में बहुप्रतीक्षित गौरव पथ निर्माण का भूमिपूजन कल संपन्न होगा। नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि राजनांदगांव बायपास मार्ग पिलारी नहर से नवीन बाजार तक बनने वाले गौरव पथ का भूमिपूजन उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद संतोष पांडे एवं अन्य अतिथियों की उपस्थिति में किया जाएगा। इसे कवर्धा नगर के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया गया है।
भूमिपूजन से पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने अधिकारियों के साथ प्रस्तावित मार्ग का पैदल निरीक्षण किया और वहां निवासरत नागरिकों से मुलाकात कर उन्हें गौरव पथ निर्माण की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता, सुविधाओं और सतत निगरानी पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल सड़क निर्माण नहीं बल्कि शहर की नई पहचान बनेगी।
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि विकसित कवर्धा ही हमारा लक्ष्य है और गौरव पथ निर्माण से शहर को विकास की नई दिशा मिलेगी। यह परियोजना यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएगी और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करेगी। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में कवर्धा शहर निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है और गौरव पथ इसका प्रत्यक्ष उदाहरण होगा।
गौरव पथ का निर्माण लगभग 10 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। इसकी लंबाई करीब 1.8 किलोमीटर होगी, जो राजनांदगांव बायपास पिलारी नहर से नवीन बाजार तक जुड़ेगी। इससे रामनगर वार्ड, शिवाजी कॉलोनी, शांतिदीप कॉलोनी और नवीन बाजार क्षेत्र के निवासियों को सीधा लाभ मिलेगा। यह कबीरधाम जिले का पहला गौरव पथ होगा, जिसे शहर के विकास में मील का पत्थर माना जा रहा है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद संतोष पांडे करेंगे। विशिष्ट अतिथियों में कृषक कल्याण बोर्ड अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला भाजपा अध्यक्ष राजेन्द्र चंद्रवंशी, ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, नगर पालिका पदाधिकारी और पार्षदगण उपस्थित रहेंगे। गौरव पथ के भूमिपूजन को लेकर शहरवासियों में उत्साह का माहौल है।