रेडक्रॉस सोसायटी कबीरधाम की बैठक संपन्न, वार्षिक कार्ययोजना को लेकर लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय

कबीरधाम में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जूनियर रेडक्रॉस एवं यूथ रेडक्रॉस की बैठक में वर्षभर की गतिविधियों की वार्षिक कार्ययोजना पर चर्चा की गई। बैठक में प्राथमिक सहायता एवं आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण, नियमित रक्तदान शिविर, पर्यावरण संरक्षण, सड़क सुरक्षा और युवाओं की सहभागिता बढ़ाने को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। नेपाल बाढ़ राहत के लिए सहयोग जुटाने 10 टीमें गठित करने का भी निर्णय लिया गया।

Sep 10, 2026 - 11:15
 0  2
रेडक्रॉस सोसायटी कबीरधाम की बैठक संपन्न, वार्षिक कार्ययोजना को लेकर लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा l कलेक्टर एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी कबीरधाम की अध्यक्ष तुलिका प्रजापति के मार्गदर्शन में जिला कार्यालय के सभाकक्ष में रेडक्रॉस सोसायटी, जूनियर रेडक्रॉस एवं यूथ रेडक्रॉस के प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर कलेक्टर नरेंद्र पैकरा ने की। इसमें जिले में रेडक्रॉस की गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने, युवाओं की सहभागिता बढ़ाने और स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव डॉ. डीके तुर्रे ने निर्धारित एजेंडे के अनुसार वर्षभर संचालित होने वाली गतिविधियों की प्रस्तावित कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विशेष दिवसों पर जनजागरूकता कार्यक्रम, प्राथमिक सहायता प्रशिक्षण, आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण, स्वैच्छिक रक्तदान के लिए लोगों को प्रेरित करना और नियमित रक्तदान शिविर आयोजित करना प्रमुख गतिविधियों में शामिल हैं। बैठक में लिए गए निर्णयों से जिले में सामाजिक सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और युवाओं की भागीदारी से जुड़ी गतिविधियों को गति देने पर जोर दिया गया।

बैठक में जूनियर रेडक्रॉस एवं यूथ रेडक्रॉस से जुड़े विद्यार्थियों और काउंसलरों के लिए निर्धारित रेडक्रॉस यूनिफॉर्म सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई। यूनिफॉर्म के लिए निर्धारित अंशदान राशि इस माह के अंत तक जमा कराने का निर्णय लिया गया। साथ ही जिले के सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों में रेडक्रॉस सोसायटी का गठन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक माह विभागवार रक्तदान शिविर आयोजित करने हेतु वार्षिक कैलेंडर तैयार करने पर भी सहमति बनी।

पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए 12 सितंबर को व्यापक वृक्षारोपण अभियान आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही जूनियर एवं यूथ रेडक्रॉस के विद्यार्थियों, वाहन चालकों और आम नागरिकों के लिए प्राथमिक उपचार यानी फर्स्ट एड प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। प्रशिक्षण का उद्देश्य लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक जानकारी और कौशल प्रदान करना है।

आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों को लेकर बैठक में नेपाल बाढ़ राहत के लिए सहयोग जुटाने का भी निर्णय लिया गया। इसके लिए जिले में 10 टीमें गठित की जाएंगी। ये टीमें विकासखंड और नगर पंचायत क्षेत्रों में व्यापारियों, अधिकारी-कर्मचारियों तथा जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर वित्तीय सहयोग जुटाने का प्रयास करेंगी। बैठक में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियों की समीक्षा भी की गई।

जिला रेडक्रॉस अधिकारी बालाराम साहू ने वार्षिक कार्ययोजना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जिले में रेडक्रॉस की गतिविधियों का प्रतिमाह नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। प्रत्येक कार्यक्रम के आयोजन के बाद संबंधित गतिविधि का प्रतिवेदन और फोटोग्राफ जिला स्तर पर भेजने के लिए सभी प्रभारियों को निर्देशित किया गया। इससे रेडक्रॉस की गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग और समीक्षा में सुविधा होगी।

बैठक में सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए सड़क सुरक्षा मित्र के गठन पर भी चर्चा हुई। साथ ही स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने और नियमित रक्तदान शिविर आयोजित करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि रेडक्रॉस के माध्यम से स्वास्थ्य सेवा, जनजागरूकता, आपदा राहत, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी एफआर वर्मा सहित विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य, जूनियर रेडक्रॉस एवं यूथ रेडक्रॉस के प्रभारी और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने जिले में रेडक्रॉस की गतिविधियों को मजबूत करने और सेवा कार्यों को अधिक व्यापक स्तर तक पहुंचाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया।