कबीरधाम पुलिस की सख्ती: होटल, लॉज और ढाबा संचालकों को दिए कड़े निर्देश, “समाधान एप्प” के उपयोग पर जोर

कबीरधाम पुलिस ने कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए होटल, लॉज और ढाबा संचालकों की बैठक लेकर सख्त निर्देश जारी किए। “समाधान एप्प” के उपयोग और अतिथियों की जानकारी अनिवार्य रूप से दर्ज करने पर विशेष जोर दिया गया।

Apr 16, 2026 - 13:47
 0  0
कबीरधाम पुलिस की सख्ती: होटल, लॉज और ढाबा संचालकों को दिए कड़े निर्देश, “समाधान एप्प” के उपयोग पर जोर

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l  कबीरधाम, छत्तीसगढ़ जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से कबीरधाम पुलिस द्वारा होटल, लॉज एवं ढाबा संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के निर्देशानुसार आयोजित की गई, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कृष्ण कुमार चंद्राकर ने संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने संचालकों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि किसी भी विदेशी नागरिक के ठहरने की स्थिति में उसकी पूरी जानकारी निर्धारित प्रपत्र में भरकर तत्काल संबंधित थाना में जमा कराना अनिवार्य होगा। साथ ही यह जानकारी “समाधान एप्प” में भी दर्ज करना आवश्यक है। निर्देशों का पालन नहीं करने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कृष्ण कुमार चंद्राकर ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रत्येक होटल एवं लॉज संचालक को अपने यहां ठहरने वाले सभी व्यक्तियों की पहचान पत्र की जांच करना अनिवार्य है। साथ ही उनका पूरा विवरण रजिस्टर में विधिवत दर्ज किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति नजर आने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी जाए, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

बैठक में नाबालिगों के संबंध में भी सख्त निर्देश जारी किए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना वैध पहचान पत्र और आवश्यक जांच के किसी भी नाबालिग को कमरे उपलब्ध नहीं कराए जाएं। हाल ही में जिले में हुई एक संवेदनशील घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने संचालकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी।

इस दौरान छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा संचालित “समाधान एप्प” के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि यह एप्प एक आधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसके माध्यम से होटल एवं लॉज संचालक अपने यहां ठहरने वाले अतिथियों का रिकॉर्ड ऑनलाइन सुरक्षित रूप से दर्ज कर सकते हैं। इसमें अतिथि का नाम, पता, पासपोर्ट विवरण, आगमन एवं प्रस्थान की तिथि जैसी महत्वपूर्ण जानकारी अपलोड की जा सकती है।

इस डिजिटल प्रणाली के उपयोग से पुलिस प्रशासन को रियल-टाइम में जानकारी प्राप्त होती है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होती है। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने में भी सहायता मिलती है। अधिकारियों ने सभी संचालकों से समाधान एप्प का नियमित उपयोग सुनिश्चित करने की अपील की।

बैठक में ढाबा संचालकों को भी सख्त निर्देश दिए गए कि किसी भी सार्वजनिक स्थल पर अवैध रूप से शराब परोसना पूरी तरह प्रतिबंधित है। यदि किसी प्रतिष्ठान में इस प्रकार की गतिविधि पाई जाती है, तो संबंधित संचालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक योगेश कश्यप, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक महेश प्रधान, डीएसबी प्रभारी निरीक्षक नितिन तिवारी सहित जिले के सभी होटल, लॉज एवं ढाबा संचालक उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन ने सभी से सहयोग की अपेक्षा जताते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही जिले में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।