मनरेगा के 2588 निर्माण कार्यों से कबीरधाम में ग्रामीणों को मिल रहा रोजगार
कबीरधाम जिले में मनरेगा अंतर्गत 2588 निर्माण कार्यों के माध्यम से 68 हजार से अधिक ग्रामीणों को रोजगार मिल रहा है। जल संरक्षण और स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण के साथ ग्रामीणों को आर्थिक मजबूती देने का अभियान लगातार जारी है।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत कबीरधाम जिले में बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य संचालित किए जा रहे हैं, जिससे हजारों ग्रामीणों को रोजगार मिल रहा है। जिले में वर्तमान समय में 2588 निर्माण कार्य प्रगति पर हैं और इनके माध्यम से 68 हजार 970 से अधिक पंजीकृत ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। रोजगार उपलब्ध कराने के मामले में कबीरधाम जिला लगातार प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल बना हुआ है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले के जनपद पंचायत बोड़ला, कवर्धा, पंडरिया और सहसपुर लोहारा क्षेत्र में अब तक 9 लाख 36 हजार मानव दिवस का रोजगार सृजित किया जा चुका है। इन कार्यों के माध्यम से ग्रामीणों को प्रतिदिन 261 रुपये की मजदूरी दी जा रही है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है।
मनरेगा योजना के तहत जिले की ग्राम पंचायतों में विभिन्न प्रकार के निर्माण और जल संरक्षण कार्य किए जा रहे हैं। इनमें नवा तरिया आय के जरिया, आजीविका डबरी, सामुदायिक डबरी, नए तालाब निर्माण, अमृत सरोवर, सोखता गड्ढा निर्माण और पुराने तालाबों का गहरीकरण जैसे कार्य शामिल हैं। इन कार्यों से जहां ग्रामीणों को रोजगार मिल रहा है, वहीं स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण और आजीविका के नए अवसर भी विकसित हो रहे हैं।
कलेक्टर Gopal Verma ने बताया कि जिले की सभी ग्राम पंचायतों में पर्याप्त संख्या में कार्य स्वीकृत किए गए हैं। ग्रामीणों की मांग के अनुसार नए कार्य भी तत्काल शुरू किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अधिक से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता वर्षा ऋतु से पहले जल संग्रहण से जुड़े कार्यों को पूरा करना है, ताकि वर्षा जल का बेहतर उपयोग हो सके और भूजल स्तर में सुधार लाया जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है और गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूर्ण कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत Abhishek Agrawal ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में 2580 से अधिक निर्माण कार्यों में प्रतिदिन हजारों ग्रामीण कार्यरत हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत भी 4742 हितग्राहियों को अपने आवास निर्माण में रोजगार मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल 2026 से अब तक ग्रामीणों को लगभग 21 करोड़ रुपये की मजदूरी का भुगतान किया जा चुका है। मजदूरी भुगतान की प्रक्रिया लगातार जारी है, जिससे ग्रामीण परिवारों को आर्थिक संबल मिल रहा है।
जिले में जल संरक्षण के लिए सोखता गड्ढों के निर्माण का अभियान भी तेजी से चलाया जा रहा है। मैदानी और वनांचल क्षेत्रों में ग्रामीणों को रोजगार देने के साथ जल संरक्षण के लिए जागरूक किया जा रहा है। ग्रामीण भी इन कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं।
मनरेगा के माध्यम से कबीरधाम जिले में रोजगार और जल संरक्षण दोनों उद्देश्यों को एक साथ पूरा करने की दिशा में प्रभावी कार्य हो रहा है, जिससे ग्रामीण विकास को नई गति मिल रही है।